राज्य के श्रम मंत्री संजय प्रसाद यादव हे बुधवार को कौशल विकास के तहत शहर के श्रीअमडा स्थित एसजीआरएस एकेडमी प्राइवेट लिमिटेड के प्रशिक्षित आठ महिला अभ्यर्थियों को स्वीग मशीन ऑपरेटर की नियुक्ति पत्र दिया। इन अभ्यर्थियों को चेन्नई स्थित एक बड़ी कंपनी में नौकरी करने का अवसर मिला है । कंपनी के प्रोजेक्ट हेड हरिओम शर्मा और सेंटर मैनेजर सुमन भारती ने बताया कि पिछले तीन महीने का आवासीय कोर्स कराकर इन अभ्यर्थियों को प्रशिक्षित किया गया । इसके बाद इन्हें यह उपलब्धि मिली है । मंत्री ने इसके अलावा अन्य चार कंपनियों के 20 अभ्यर्थियों को भी ऑफर लेटर दिया। भास्कर न्यूज| दुमका राज्य के श्रम नियोजन प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के मंत्री संजय प्रसाद यादव की अध्यक्षता में बुधवार को संथाल परगना प्रमंडल के सभी जिले के विभागीय पदाधिकारीयों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक के क्रम में मंत्री ने विभाग अंतर्गत संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। कहा कि राज्य से पलायन रोकना उनकी पहली प्राथमिकता है। यहां के युवाओं को झारखंड में ही रोजगार मिले इसकी व्यवस्था की जा रही है। नए उद्योग स्थापित हों इसके लिए इन्वेस्टर्स को आमंत्रित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य से जितने भी मजदूर काम करने के लिए बाहर जा रहे हैं उनका रजिस्ट्रेशन हो इसको लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। समीक्षा के क्रम में संथाल परगना में स्थापित आईटीआई कॉलेज की समीक्षा की गई। झारखंड राज्य में कुल 74 आईटीआई कॉलेज हैं और पूरे संथाल परगना में 13 है। इस विषय पर चर्चा करने के बाद मंत्री ने संथाल परगना क्षेत्र में आईटीआई कॉलेज बढ़ाने की बात कही। संबंधित पदाधिकारी को इसका प्रस्ताव बनकर आगे बढ़ाने का निर्देश दिया। समीक्षा के क्रम में सामने आया कि फिटर ट्रेड की डिमांड संथाल परगना में अधिक है पर कॉलेज में सीट की कमी है। इसपर मंत्री ने संज्ञान लेते हुए इस पर नियमानुसार कार्रवाई करने के लिए श्रम आयुक्त को निर्देश दिया। रोजगार मेला के माध्यम से युवाओं को रोजगार उपलब्ध करने का भी निर्देश दिया गया। कर्मचारी राज्य बीमा अधिनियम 1948 के प्रावधानों के तहत झारखण्ड राज्य के श्रम नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के अधीन कर्मचारी राज्य बीमा योजना संचालित है। बैठक के उपरांत मंत्री ने कौशल विकास प्राप्त युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरण किया। बैठक में श्रम नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के सचिव मुकेश कुमार, श्रम आयुक्त एवं निदेशक शैलेन्द्र कुमार लाल, उप विकास आयुक्त दुमका, संथाल परगना के सभी जिलों के श्रम अधीक्षक, नियोजन पदाधिकारी, उपमुख्य कारखाना निरीक्षक थे।


