बलरामपुर पुलिस ने बिना अनुमति तेज आवाज में देर रात डीजे बजाने की शिकायत पर पिकअप वाहन सहित डीजे सिस्टम को जब्त किया है। पुलिस ने डीजे ऑपरेटर सहित तीन युवकों के खिलाफ कार्रवाई की है। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से तीनों को जेल भेज दिया गया है। जानकारी के मुताबिक, बलरामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जमुआटांड़ में देर रात करीब 2.30 बजे तेज आवाज में डीजे बजाने की शिकायत बलरामपुर पुलिस को मिली। बलरामपुर से पेट्रोलिंग पार्टी ग्राम जमुआटांड़ पहुंची। पुलिस ने तेज आवाज में बज रहे डीजे को मौके पर जाकर बंद कराया। पुलिस ने डीजे बजाने की अनुमति मांगी तो संचालक अनुमति भी नहीं दिखा सका। डीजे बजाने की अनुमति रात 10 बजे तक ही होती है। पुलिस से उलझे गांव के युवक, 3 गिरफ्तार
डीजे बंद कराने के दौरान गांव के कुछ असामाजिक तत्वों ने डीजे बंद कराने और पुलिस कार्रवाई का विरोध किया। पुलिस ने डीजे ऑपरेटर राहुल कुमार पासवान (19 वर्ष) निवासी दंडई, जिला गढ़वा झारखंड को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ कोलाहल नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन सहित डीजे को जब्त कर थाना लाया गया। पुलिस ने कार्रवाई का विरोध कर रहे दो युवकों को भी गिरफ्तार किया। तीनों के खिलाफ कार्रवाई कर पुलिस ने उन्हें कोर्ट में पेश किया। तीनों को न्यायालय से रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


