भास्कर न्यूज | बालोद मंगलवार रात को धमतरी- जगदलपुर एनएच 30 पर पुरूर के पास ढाबा के सामने खड़े खराब ट्रक से बाइक सवार जतिन नेताम (30 वर्ष) निवासी कन्हारपुरी टकरा गया। जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई। मंगलवार रात करीब 10 बजे जतिन नेताम अपनी बाइक से धमतरी जा रहा था। उनकी पत्नी धमतरी पुलिस विभाग में महिला कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं। वह अपनी पत्नी से मिलने के लिए गांव से धमतरी जाने निकला था। ट्रक सुबह से खराब हालत में खड़ा था। ट्रक के पिछले हिस्से से बाइक टकराई है। घटना के बाद जतिन के सिर और सीने की हड्डियां टूट गईं। फैंसी हेलमेट पहना था: जतिन हेलमेट पहना था, लेकिन वह फैंसी हेलमेट था, जो आधा खुला हुआ था। इस वजह से उनके चेहरे पर गंभीर चोट लगी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुरूर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को धमतरी अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


