बांसवाड़ा शहर के रतलाम रोड के कड़ेलिया मोड़ पर बुधवार रात नशे में राहगीरों और वाहनों पर पथराव करने वाले 3 आरोपियों में से एक को गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि उसके दो साथी फरार हैं। जिनकी तलाश की जा रही है। कोतवाली थानाधिकारी ने बताया- बुधवार रात करीब 10:30 बजे पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि कड़ेलिया मोड़ पर कुछ युवक आने-जाने वाले वाहनों पर पत्थर फेंक रहे हैं। इससे राहगीरों में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया गया। पुलिस ने मौके से संजू उर्फ संजय पुत्र लाला को रंगेहाथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि संजू के साथ उसके दो अन्य साथी गल्लू और कालू भी इस पत्थरबाजी में शामिल थे, जो पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गए। नशे में थे आरोपी प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों युवक शराब के नशे में धुत थे और इसी हालत में उन्होंने राहगीरों को निशाना बनाया। पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है। सीआई बुधाराम बिशनोई ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। एक आरोपी गिरफ्त में है, वहीं फरार गल्लू और कालू की तलाश जारी है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


