अलवर के NEB थाना क्षेत्र में मन्नाका रोड पर गोविंद ज्वैलर्स के मालिक ओमप्रकाश सोनी से तीन युवक मंगलवार रात आठ बजे बैग लूट ले गए। रात एक बजे पता चला कि वही बदमाश ज्वैलर की दुकान खोलकर 5 ग्राम सोने के जेवर व 1 किलो चांदी चोरी कर ले गए। जब दुकानदार से बैग लूटा तब पुलिस को शिकायत दी। लेकिन पुलिस ने कुछ नहीं किया। पुलिस की सुस्ती के कारण वही बदमाश रात को दुकान साफ कर ले गए। दुकानदार ओमप्रकाश सोनी ने बताया कि मंगलवार रात साढ़े 8 बजे दुकान बंद कर साइकिल पर बैग लटका कर घर जा रहा था। फौजी कॉलोनी में दो युवक बैग छीनकर भाग गए। दुकान की चाबी भी बैग में थी। इसके बाद एनईबी थाने में शिकायत दी। लेकिन पुलिस ने गंभीरता से नहीं लिया। फिर रात को उन्हीं बदमाशों ने दुकान को खोला और अंदर से सोने के जेवर व करीब एक किलो चांदी ले गए। दुकान के अंदर कांच के केबिन को तोड़ा तो मकान मालिक जाग उठा। वह बाहर आने की कोशिश करने लगा तो उसके मुख्य गेट की बाहर से कुंदी लगी थी। जाली के अंदर से देखा तो तीन युवक भागते हुए दिखे। तब पता चला कि दुकान के अंदर चोरी हो गई। इसके बाद ज्वैलर्स व पुलिस को शिकायत दी। अब पुलिस सीसीटीवी के आधार पर बदमाशों की पड़ताल करने में लगी है। ज्वैलर्स ओमप्रकाश का कहना है कि रात को ही बैग लूटते समय युवकों का पुलिस पीछा करती तो बदमाश पकड़ में आ सकते थे। यही नहीं पीड़ित से पूरी बात सुनते तो दुकान को दूसरा ताला लगाया जा सकता था। ताकि माल चोरी होने से बच जाता। लेकिन पुलिस ने पूरे मामले को गंभीरता से नहीं लिया। जिसके कारण सुनार का पहले बैग लूटा गया। उसके बाद उसकी दुकान का माल चोरी किया गया। मकान मालकिन पूनम शर्मा ने बताया कि रात एक बजे दुकान में शीशे टूटने की आवाज आई। हम बाहर आने की कोशिश करने लगे तो घर के मुख्य गेट की कुंदी लगी थी। तब जाली में से देखा कि तीन युवक आए थे। वे बाइक से भागते हुए दिखे। इसके बाद पुलिस व सुनार को शिकायत दी।


