रामगढ़ के रांची रोड स्थित एक जूते की दुकान में चोरी का मामला सामने आया है। एक युवक ने दुकान के गल्ले से 10,700 रुपए चुरा लिए। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इधर, आरोपी की तलाश में दुकानदार पास के गांव में पहुंचा। यहां से वापस आने पर उसी गांव के कुछ लोग दुकान पर पहुंचे और उनके घर में घुसने का आरोप लगा दुकानदार से धक्का-मुक्की की। चोरी के समय दुकान का मालिक बाहर खड़ा था। आरोपी ने मौका देखकर इधर-उधर जांच की और गल्ला खोलकर पैसे निकाल लिए। इसके बाद वह कुछ देर तक चप्पल खरीदने के बहाने दुकान में रुका और फिर वहां से चला गया। आरोपी की पास के गांव में खोजबीन की
जब मालिक ने गल्ला चेक किया तो पैसे गायब थे। सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि कुछ देर पहले आए युवक ने ही यह चोरी की थी। दुकानदार ने घर में सूचना दी और आरोपी की पहचान के लिए पास के एक गांव में खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
दुकानदार ने पुलिस को दी सूचना
इसके कुछ देर बाद दुकान पर उसी गांव के कुछ लोग पहुंचे और दुकानदार पर उनके घर में घुसने का आरोप लगाते हुए धक्का-मुक्की की। दुकानदार ने तुरंत रामगढ़ थाना की पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज की जांच की। रामगढ़ पुलिस चोरी करने वाले व्यक्ति की तलाश के साथ-साथ दुकानदार से धक्का-मुक्की करने वालों की भी पहचान कर रही है। दुकानदार ने थाना में लिखित शिकायत दर्ज करा दी है।


