रामगढ़ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में भारी मात्रा में मादक पदार्थ डोडा बरामद किया है। एसपी अजय कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि एक पिकअप में अवैध डोडा लोड कर रामगढ़ होते हुए बोकारो की ओर ले जाया जा रहा है। इस सूचना पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी परमेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने पीछा कर वाहन को पकड़ा टीम ने रजरप्पा थाना क्षेत्र के बोर चेकनाका के पास वाहन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक नीले रंग का पिकअप बोरोबिंग की तरफ से आता दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन को रोकने का इशारा किया तो चालक भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर वाहन को पकड़ लिया। पिकअप में सवार दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया। उन्होंने अपना नाम संदीप रजक (28) और संतोष राम (22) बताया। दोनों से पूछताछ करने पर कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। दोनों आरोपी गिरिडीह के रहने वाले हैं। 18 बोरों में प्रतिबंधित डोडा रखा मिला अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर पिकअप की तलाशी ली गई। वाहन से 18 बोरों में प्रतिबंधित डोडा जैसा पदार्थ बरामद हुआ। इसका कुल वजन लगभग 480.27 किलोग्राम था। इस मामले में रजरप्पा थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।