हजारीबाग के प्रसिद्ध रामनवमी महासमिति का चुनाव बड़ा अखाड़ा परिसर में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। इस चुनाव में कुल 223 मतदाताओं ने अपना मत डाला। अध्यक्ष पद के लिए चार उम्मीदवार मैदान में थे। बसंत यादव ने 116 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंदी विशाल वाल्मीकि को 61 मत मिले। तीसरे स्थान पर दिलीप गोप 30 मतों के साथ रहे। मीत यादव चौथे स्थान पर रहे। रंग-गुलाल लगा जीत का जश्न मनाया चुनाव में विभिन्न अखाड़ों के पूर्व अध्यक्ष, सचिव और 22 महासमिति के पूर्व अध्यक्षों ने मतदान किया। परिणाम घोषणा के बाद बसंत यादव के समर्थकों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर जीत का जश्न मनाया। यह जीत हजारीबाग के सभी राम भक्तों की जीत: बसंत यादव नवनिर्वाचित अध्यक्ष बसंत यादव ने कहा कि वे हजारीबाग का रामनवमी उत्सव और भी भव्य तरीके से आयोजित करेंगे। उन्होंने रामनवमी की पारंपरिक गरिमा को बनाए रखने का संकल्प लिया। साथ ही नशामुक्त रामनवमी मनाने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह जीत हजारीबाग के सभी राम भक्तों की जीत है। रामनवमी संरक्षण समिति के अध्यक्ष प्रशांत प्रधान और बड़ा अखाड़ा के महंत विजयानंद दास ने बसंत यादव को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।


