रांची| श्री महावीर मंडल महानगर रांची द्वारा रांची जिले के सभी क्षेत्रों के महावीर मंडलों और अखाड़ों की संयुक्त बैठक राजेंद्र चौक के निकट गार्डन में आयोजित की गई। श्री महावीर मंडल महानगर रांची के संस्थापक अध्यक्ष स्व. तिलक राज अजमानी और कांके महावीर मंडल के अध्यक्ष स्व. अनिल टाईगर को महानगर के मुख्य संरक्षक सीपी सिंह, अध्यक्ष कुणाल अजमानी, मंत्री मुनचुन राय, शेखर शरण, रमेश बाली, दिलीप सोनी, रोहित शारदा, बादल सिंह व अन्य ने श्रद्धांजलि दी और बैठक की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई। इसमें सभी इलाकों से पहुंचे 215 महावीर मंडलों और अखाड़ेधारियों के अध्यक्षों को अंग वस्त्र, तलवार और महावीरी झंडे देकर अभिनंदन किया गया। कुणाल अजमानी ने कहा कि रांची क्षेत्र के वैसे अखाड़ेधारी जिन्हें शोभायात्रा या झांकी निकालने में समस्या हो रही और आर्थिक रूप से परेशानी हो तो महानगर के पदाधिकारियों को बताएं, सबको सहयोग किया जाएगा। रांची सदर अनुमंडलाधिकारी उत्कर्ष कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन आपके साथ है। विधायक सीपी सिंह ने कहा कि सभी राम भक्तों को एकजुट होकर रामनवमी शोभायात्रा में शामिल हों। महामंत्री मुनचुन राय ने सबको एकजुट होने का आह्वान किया।