कोटा के गर्ल्स कॉलेज रामपुरा में एग्जाम सेंटर स्वीकृत किए जाने की मांग को लेकर एबीवीपी से जुड़ी छात्राओं ने प्रदर्शन किया। छात्राओं ने कॉलेज की कार्यवाहक प्रिंसिपल का घेराव किया। छात्राओं का कहना था जब कॉलेज में मूलभूत आधारभूत सुविधाएं मौजूद है, तो परीक्षा सेंटर दूसरी जगह पर क्यों तय किए जा रहे है। इस बारें कॉलेज प्रशासन का कहना है कोटा यूनिवर्सिटी ही एग्जाम सेंटर तय करती है। छात्राओं की मांग से यूनिवर्सिटी के परीक्षा नियंत्रक को अवगत करवा दिया है। एबीवीपी महानगर सह मंत्री दिव्यांशी ने बताया-कुन्हाड़ी रामपुरा गर्ल्स कॉलेज में 600 से ज्यादा छात्राएं पढ़ती है। कॉलेज में एग्जाम शुरू होने वाले है। लेकिन हैरानी की बात है की कॉलेज को एग्जाम सेंटर ही नहीं बनाया जा रहा। यहां पढ़ने वाली छात्राओं को परीक्षा देने दूसरे सेंटर्स पर जाना पड़ेगा। इस कारण छात्राओं को असुविधा होगी। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं को सेंटर तक आने जाने में लंबी दूरी तय करनी पड़ेगी। जिससे उनका आर्थिक नुकसान भी होगा। रामपुरा गर्ल्स कॉलेज में सभी आधारभूत सुविधाएं मौजूद है। यहां पहले भी एग्जाम सेंटर रहा है। परमानेंट स्टाफ नहीं होने के कारण कॉलेज में एग्जाम सेंटर नहीं बनाया जा रहा। हमने कार्यवाहक प्रिंसिपल को ज्ञापन देकर कॉलेज में परीक्षा केंद्र स्वीकृत करने की मांग की है। रामपुरा गर्ल्स कॉलेज की कार्यवाहक प्रिंसिपल डॉ.सीमा चौहान ने बताया एग्जाम सेंटर तय करना यूनिवर्सिटी लेवल का काम है। छात्राओं की डिमांड के बारे में परीक्षा नियंत्रक को बता दिया है।


