रामपुर में पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र और अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने रविवार रात करीब 10 बजे नगर कोतवाली का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने कोतवाली की कार्यप्रणाली, व्यवस्थाओं और अभिलेखों की गहन समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने महिला मिशन शक्ति हेल्प डेस्क, महिला सहायता से संबंधित उत्पादों, साइबर सेल और कोतवाली कार्यालय के विभिन्न रजिस्टरों का जायजा लिया। उन्होंने महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम और शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने नगर कोतवाली परिसर में चल रहे नवनिर्माण और मरम्मत कार्यों का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि कोतवाली आने वाले फरियादियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण मिलना चाहिए। इस संबंध में नगर कोतवाली प्रभारी ओंकार सिंह को व्यवस्थाएं बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए। रियासत काल में निर्मित नगर कोतवाली का भवन ऐतिहासिक और मजबूत संरचना वाला है। हालांकि, लंबे समय तक उचित रखरखाव के अभाव में इसकी स्थिति जर्जर हो गई थी। वर्तमान में भवन को सुदृढ़ और आधुनिक स्वरूप देने के लिए निर्माण कार्य जारी है। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही नगर कोतवाली का भवन बेहतर स्वरूप में होगा, जिससे पुलिसकर्मियों और आम जनता दोनों को सुविधा मिलेगी।


