रामपुर में कोडीन युक्त सिरप की अवैध बिक्री कर अनुचित लाभ कमाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। नगर कोतवाली और गंज कोतवाली पुलिस ने औषधि निरीक्षक की तहरीर पर दर्ज मुकदमों में यह कार्रवाई की। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पहला मामला 16 दिसंबर 2025 का है। औषधि निरीक्षक मुकेश कुमार ने थाना नगर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि हर्ष अग्रवाल, निवासी लता फार्मास्यूटिकल्स, राजद्वारा रोड, कोडीन युक्त सिरप को लाइसेंस में प्रदर्शित स्थान पर न रखकर अन्यत्र ले जाकर गैर-चिकित्सकीय उपयोग के लिए खुले बाजार में अवैध रूप से बेच रहे थे। इस मामले में थाना नगर कोतवाली में मुकदमा संख्या 215/25 धारा 318(4) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान साक्ष्य मिलने पर इसमें एनडीपीएस एक्ट की धाराएं 8(सी), 21(सी) व 26(डी) भी जोड़ी गईं। पुलिस ने वांछित अभियुक्त हर्ष अग्रवाल को तोपखाना क्षेत्र से एक लैपटॉप, चार्जर और मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया। गंज कोतवाली पुलिस ने भी कोडीन सिरप की अवैध बिक्री के दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की। 5 दिसंबर 2025 को अभियुक्त उस्मान खान उर्फ नाजिस उर्फ मुन्ना और 6 दिसंबर 2025 को अभियुक्त उमर खान उर्फ दानिश के विरुद्ध मुकदमे दर्ज किए गए थे। आरोप है कि दोनों ने धोखाधड़ी कर कोडीन युक्त सिरप को गैर-चिकित्सकीय उपयोग के लिए खुले बाजार में बेचा। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि आरोपियों द्वारा खरीदे गए कोडीन युक्त सिरप का कोई संतोषजनक लेखा-जोखा प्रस्तुत नहीं किया जा सका। जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद गिरफ्तारी की गई, जिसके आधार पर न्यायालय ने आरोपियों को जेल भेजने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा कि नशीली दवाओं की अवैध बिक्री के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।


