रामसर क्षेत्र में रविवार शाम एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। सियागो की चक्की के पास एक अज्ञात डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसके बाद डंपर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घायल की पहचान सोलंकिया हरसानी निवासी सालार खां पुत्र हैदर खां के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, युवक बाड़मेर से रामसर की ओर आ रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, डंपर तेज रफ्तार में था, जिससे टक्कर लगते ही बाइक सवार सड़क पर गिर गया। इस हादसे में सालार खां के सिर में गंभीर चोटें आईं और उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घटना के तुरंत बाद, मौके पर मौजूद अध्यापक बद्रीराम और रमेश कुमार (निवासी सुवाड़ा) ने घायल को संभाला। उन्होंने तत्काल 108 एम्बुलेंस सेवा को सूचना दी। एम्बुलेंस पायलट लक्ष्मण कड़वासरा और ईएमटी देवाराम चौधरी ने मौके पर पहुंचकर घायल को प्राथमिक उपचार दिया और तुरंत बाड़मेर जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां उसका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलने पर रामसर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


