रायगढ़ के घर में मिली बुजुर्ग पति-पत्नी की लाश:2 दिन पुराना शव, दोनों घर में अकेले रहते थे, मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ के एक घर में बुजुर्ग पति-पत्नी की लाश मिली है। बॉडी से काफी दुर्गंध आ रही थी। आज जब आसपास के लोगों ने दरवाजा खोलकर देखा तो घटना की जानकारी हुई। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, कसेर पारा में रहने वाले गोपाल नगाइच (78 वर्ष) रिटायर्ड टीचर हैं। वह अपनी पत्नी सरस्वती नगाइच (77 वर्ष) के साथ घर में रहते थे। पिछले दो दिनों से घर का दरवाजा बंद था और कोई आवाजाही नहीं हो रही थी। इस दौरान बुजुर्ग दंपती का बेटा उमाकांत नगाइच (39) जो रायगढ़ से बाहर रहता है। वो लगातार माता-पिता को फोन कर रहा था। जब संपर्क नहीं हुआ तो उसने आसपास रहने वाले अपने दोस्तों को कॉल कर घर भेजा। दरवाजा खुलते ही सामने आई मौत की भयावह तस्वीर
जब स्थानीय लोगों ने किसी तरह घर का दरवाजा खोला तो गोपाल नगाइच का शव घर के फर्श पर औंधे मुंह पड़ा मिला, जबकि उनकी पत्नी सरस्वती नगाइच का शव अंदर कमरे में बिस्तर पर था। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच शुरू की
घटना की जानकारी मिलते ही चक्रधर नगर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शरीर से दुर्गंध आ रही थी। प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने बताया कि मौत दो दिन पहले हो चुकी थी। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि दोनों की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई या किसी साजिश का हिस्सा है। घर में सब कुछ ठीक था पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हत्या या चोरी की आशंका को ध्यान में रखते हुए घर का बारीकी से मुआयना किया, लेकिन कहीं भी कोई सामान के अस्त-व्यस्त या जबरन घुसपैठ के सुराग नहीं मिले। इससे यह माना जा रहा है कि घटना स्वाभाविक कारणों से हुई मौत का मामला हो सकता है। प्रारंभिक जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि गोपाल नगाइच की मौत गिरने से हुई हो सकती है, जबकि उनकी पत्नी पहले से ही बीमार थीं। ऐसे में उनकी भी मौत स्वाभाविक हुई होगी। बेटा और बेटियां घर से दूर रहते हैं
आसपास लोगों ने बताया कि गोपाल नगाइच के दो बेटियां और एक बेटा है। बेटा उमाकांत कोलकाता में प्राइवेट जॉब करता है। दोनों बेटियों टीचर हैं, इसमें एक बेटी रायगढ़ जिले में और दूसरी रायपुर में पोस्टेड हैं। तीनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। मामले में जांच की जा रही पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल ने बताया कि बुजुर्ग दंपती की लाश मिलने के बाद मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में मर्डर या किसी आपराधिक घटना की संभावना नहीं दिख रही है। दोनों काफी उम्र दराज थे, उन्हें बीमारी भी थी। जिसके कारण इनकी मौत होने की संभावना है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। दोनों बुजुर्ग अकेले ही घर में रहते थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *