छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में नगर निगम आयुक्त ने शहर की मुख्य सड़को से अतिक्रमण हटाने के लिए निर्देश दिए। साथ ही सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नियमित अभियान चलाने की बात कही गई। इसके अलावा निगम आयुक्त ने राजस्व वसूली समेत कई शहर विकास के कार्यों के लिए कई तरह के निर्देश दिए। नगर निगम में समय-सीमा की बैठक में निगम के अधिकारी-कर्मचारियों को स्पष्ट रूप से कहा गया कि किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक के दौरान कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय ने विभागवार प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने शहर की सुचारू यातायात व्यवस्था और लोगों की सुविधाओं के लिए मुख्य मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने की बात कही। उन्होंने अभियान को निरंतर चलाते हुए इसकी मॉनिटरिंग करने के निर्देश अतिक्रमण निवारण दस्ता को दिए। इस दौरान उन्होंने नगर निगम से लेकर सुभाष चौक, महात्मा गांधी प्रतिमा चौक, स्टेशन चौक, सत्तीगुड़ी चौक, घड़ी चौक, हंडी चौक, सत्तीगुड़ी चौक से कोतरा रोड, घड़ी चौक से केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड एवं ढीमरापुर रोड, रामनिवास टॉकीज से लेकर सिग्नल चौक व चक्रधर नगर चौक तक निरीक्षण करने व अतिक्रमण पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
शिविर आयोजन करने के निर्देश
कमिश्नर ने राजस्व शाखा की समीक्षा करते हुए कहा कि राजस्व संग्रहण निगम के विकास कार्यों की आधारशिला है। सभी अधिकारी निर्धारित लक्ष्य प्राप्त करने के लिए गंभीरता से कार्य करें और समय सीमा के भीतर राजस्व वसूली करे। इस दौरान उन्होंने वार्ड में टैक्स वसूली के लिए विशेष शिविर आयोजन करने के लिए कार्ययोजना तैयार करने की बात कही। साथ ही राजस्व वसूली कार्य प्रगति की पूरी जानकारी ली गई।
100 से ज्यादा आवेदनों पर की गई चर्चा
टाइम लिमिट बैठक के दौरान विभिन्न मांग, शिकायत व अन्य योजनाओं से संबंधित 100 से ज्यादा आवेदनों पर चर्चा की गई। इस दौरान निगम आयुक्त ने सभी आवेदनों पर कार्रवाई व उनके निराकरण की स्थिति की जानकारी ली। इसी तरह उन्होंने मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जनदर्शन व जन शिकायत निवारण के आवेदनों को समय सीमा के भीतर गंभीरता से निराकरण व कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया।


