छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में लकड़ी तस्करी का मामला सामने आया है। जहां रायगढ़ से खैर की तस्करी कर उसे जांजगीर-चांपा जिला के गोदाम में डंप किया जाता था। जिस पर रायगढ़ और जांजगीर-चांपा जिला की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए लाखों का अवैध लकड़ी जब्त किया है। मिली जानकारी के मुताबिक रायगढ़ डीएफओ को मुखबीर से सूचना मिली कि सहसपुरी की ओर से खैर लकड़ी कर उसकी तस्करी की जा रही है। जिसके बाद डीएफओ ने कार्रवाई के निर्देश दिए। ऐसे में एसडीओ, रेंजर समेत उड़नदस्ता की टीम गठित की गई और तस्करों की तालाश शुरू की गई। तभी इसकी भनक लकड़ी तस्करों को लग गई। तब तस्कर ट्रक में लकड़ी लोडकर भागने लगे, लेकिन वन अमला की टीम ने चंद्रपुर रोड पर अवैध लकड़ी से लोड ट्रक को पकड़ लिया। इसके बाद ट्रक में तालाशी लेने पर उसमें लगभग 50 हजार का अवैध लकड़ी मिला, लेकिन मौका पाकर चालक वहां से भाग गए। कुछ देर बाद वन अमला ने चालक रतनपुर निवासी सूरज कुमार सारथी को पकड़ लिया। चालक सूरज से पूछताछ करने पर उसने बताया कि खैर की लकड़ी सहसपुरी में डंप कर रखा गया था। यहां से लोडिंग कर इसे चांपा के मनीष अग्रवाल के गोदाम में भंडारण कर रहे थे। इस दौरान ट्रक चालक का साथी मेलाराम सतनामी था, जो अवैध लकड़ी इक्ट्ठा करता था।
रायगढ़ से कटाई कर चांपा के गोदाम में डंप करते थे
इन दोनों से पूछताछ करने पर उन्होंने बताया गया कि आसपास क्षेत्र से खैर की लकड़ी कटाई कर एक-दो-तीन ट्रक इकट्ठा किया जाता था, फिर ट्रकों से लकड़ी इकट्ठा कर बड़ी गोदाम चांपा में डंप कर दिया जाता था। इसके बाद रायगढ़ की टीम रात लगभग एक बजे चांपा तक उस गोदाम के पास पहुंची। जहां बड़ी मात्रा में खैर का लकड़ी पाया गया। तस्करों के द्वारा अकलतरी भांटा चांपा के पास एक गुप्त गोदाम बना कर रखे थे। ऐसे में रायगढ़ की टीम ने चांपा के डीएफओ को इसकी जानकारी दी। तब वनमण्डलाधिकारी चांपा ने अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और गोदाम से लगभग 40-50 लाख की अवैध लकड़ी यहां से बरामद की गई।
दूसरे राज्यों में खफा रहे थे
बताया जा रहा है कि खैर की लकड़ी चांपा से अन्य राज्य पंजाब, हरियाणा में खपाया जाता था। खैर लकड़ी के तस्कर रायगढ़ व चांपा जिलों में सक्रिय है, जो बड़े गिरोह में कार्य कर रहें हैं। फिलहाल रायगढ़ वन अमला ने एक ट्रक को जब्त कर आरोपी चालकों के खिलाफ अपराध कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में एसडीओ तन्मय कौशिक, रेंजर संजय लकड़ा, उड़नदस्ता सहायक प्रभारी संदीप नामदेव व उनकी टीम की भूमिका रही।
मामले में आगे की जांच की जा रही
इस संबंध में रायगढ़ रेंजर संजय लकड़ा ने बताया कि मुखबीर से सूचना मिलने के बाद ट्रक को पकड़ा गया। जिसके बाद गिरोह के द्वारा बड़े स्तर पर काम करने की जानकारी हुई और जांजगीर-चांपा की टीम के साथ गोदाम में दबिश दी गई। जहां लाखों की अवैध खैर लकड़ी जब्त की गई। इसके अलावा रायगढ़ में एक ट्रक में लोड अवैध लकड़ी को जब्त किया गया है। मामले में आगे की जांच कर कार्रवाई की जा रही है।


