छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में कांग्रेसियों ने केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह का पुतला दहन किया है। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शाह के राज्यसभा में डॉ भीमराव अंबेडकर पर दिए गए बयान को लेकर विरोध जताया है। बुधवार शाम 6 बजे कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता कांग्रेस भवन से गृहमंत्री शाह के खिलाफ नारेबाजी करते हुए निकले। इसके बाद बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ चौक पर पहुंचकर केन्द्रीय गृह मंत्री का पुतला दहन किया। इस दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने का भी प्रयास किया, लेकिन कांग्रेसियों ने पुतला फूंक दिया। कांग्रेसियों का कहना है संवैधानिक पद में बैठे व्यक्ति को संविधान निर्माता को लेकर विवादित टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। केन्द्रीय मंत्री राष्ट्र से माफी मांगे- कांग्रेस अध्यक्ष
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अनिल शुक्ला ने कहा कि डॉ भीम राव अंबेडकर के विषय मे कोई भी ऐसी टिप्पणी करे, तो वह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हम इस घटना की निंदा करते हैं और अपेक्षा करते हैं कि केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह अपनी टिप्पणी पर खेद व्यक्त करते हुए राष्ट्र से माफी मांगे। पुतला दहन के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनिल शुक्ला, जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष अरुण मालाकर, पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष दीपक पांडेय, राकेश पांडेय, कांग्रेस प्रभारी महामंत्री शाखा यादव समेत अन्य कांग्रेसी मौजूद थे। आंदोलन के लिए बनाई गई रणनीति
पूर्व विधायक प्रकाश नायक के ऊपर दर्ज किए एफआईआर को लेकर कांग्रेसियों ने जिला कांग्रेस कमेटी में बैठक रखी। जिसमें इस कार्रवाई को भारतीय जनता पार्टी की दमनकारी नीति बताया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दबाने का प्रयास कर रही है। ऐसे में इस बैठक में आने वाले दिनों में बड़े आंदोलन को लेकर चर्चा करते हुए रणनीति तैयार की गई।


