रायगढ़ में कार सवार युवतियों से फिल्मी स्टाईल में छेड़खानी:फ्लाईंग किस देकर छेड़ रहे थे युवक, 1 आरोपी गिरफ्तार 4 की तलाश जारी

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में छेड़खानी का मामला सामने आया है। जिसमें फिल्मी स्टाईल में कार सवार 5 युवकों ने 2 युवतियों से छेड़खानी की। जिसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी महिला थाना में दी। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के मुताबिक कोतवाली थाना क्षेत्र में रहने वाली 24 साल की युवती ने महिला थाना आकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह सोमवार को अपनी ममेरी बहन के साथ रात करीब 11 बजे कार पर सवार हो दवाई लेने जा रही थी। तभी रास्ते में चांदमारी रोड पर कार रोककर वे आवारा कुत्तों को बिस्किट खिलाने लगे। इस दौरान पीछे से एक नीले रंग की ग्रैंड विटारा कार में सवार होकर पांच युवक वहां पहुंचे और फ्लाईंग किस देते हुए छेड़खानी के साथ गंदे इशारे करने लगे। तभी युवतियां अपनी कार पर सवार हो कर वहां से निकल गई, लेकिन युवकों ने उनका कार से पीछा किया और रियापारा तिराहा चौक के पास ओवरटेक कर उनकी कार के सामने अपनी कार अड़ा दी। इसके बाद एक युवक कार से निकलकर फिर अशोभनीय हरकत करते हुए अपना नाम प्रदीप पटेल बताया और उसके साथी भी अश्लील टिप्पणी करते रहे।
मामले में पुलिस ने जांच शुरू की
जहां मामले की सूचना पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध कायम कर मामले में जांच शुरू की। तब ग्रैंड विटारा कार ढिमरापुर स्थित प्रदीप पटेल के घर के सामने मिली, लेकिन वह फरार था। आगे की जांच में जानकारी हुई कि घटना के दिन कार को नरेन्द्र महावर चला रहा था। ऐसे में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नरेन्द्र महावर को गिरफ्तार कर लिया।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
उससे पूछताछ में उसने प्रदीप पटेल, कमलेश यादव, राहुल गुप्ता व संगम त्रिपाठी निवासी सतीगुड़ी चौक के साथ मिलकर युवतियों का पीछा कर रास्ता रोककर छेड़खानी करना स्वीकार किया। तब पुलिस ने आरोपी नरेन्द्र महावर 21 साल निवासी वार्ड नं. 1 चांदमारी भवानी स्कूल के पास को गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा दिया है। वहीं फरार आरोपियों की तालाश जारी है।
पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी
इस संबंध में SSP शशि मोहन सिंह ने बताया कि महिलाओं, बालिकाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। छेड़खानी, अश्लीलता या महिला सम्मान से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *