छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में परसकोल में एक युवक की हत्या के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया। इस मामले में एक ग्रामीण को पूछताछ के लिए बुलाया गया और उसके बाद वह गंभीर हो गया। जिसे ईलाज के लिए रायपुर में भर्ती कराया गया। जहां उसकी मौत हो गई। पूर्व में कांग्रेस नेताओं ने पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप लगाया था। जानकारी के अनुसार परसकोल गांव में कुछ दिन पहले अनिल चौहान नामक युवक की लाश खेत में मिली थी। घटना के बाद मामले की सूचना पर पुलिस ने जांच की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन इस मामले में पूछताछ के लिए रमेश चौहान को बुलाया गया था। जहां अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उसे खरसिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रायगढ़ रेफर कर दिया। रायगढ़ में प्राथमिक उपचार के बाद भी हालत में सुधार नहीं होने पर उसे रायपुर अस्पताल रेफर कर दिया था। जहां बताया जा रहा है कि रमेश चौहान की आज सुबह मौत हो गई।
कांग्रेस नेता कर चुके जांच की मांग
इस मामले में जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के पदाधिकारियों का आरोप रहा है कि पुलिस ने ग्रामीण को पूछताछ के नाम पर प्रताड़ित किया। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ी थी। ऐसे में कांग्रेस नेताओं ने मामले में प्रदेश सरकार से उच्चस्तरीय जांच की मांग की थी। साथ ही कांग्रेस की एक स्थानीय टीम भी पीड़ित परिवार से मुलाकात करने की बात कही गई है।


