छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में निगम के द्वारा टैक्स नहीं पटाने वाले बकायादारों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जहां 3 बकायादारों का 2 लाख 40 हजार 854 रुपये बकाया होने पर नल कनेक्शन काटे गए। अभियान के दौरान 78,759 रुपये जलकर की वसूली भी की गई। इसी तरह अब बड़े बकायादारों के खिलाफ नल कनेक्शन काटने और कुर्की व सीलिंग की कार्रवाई की जा रही है। जानकारी के मुताबिक नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने मंगलवार को राजस्व शाखा की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों को समय पर संपत्ति कर, समेकित कर, जल कर और यूजर चार्ज जमा नहीं करने वाले 50 हजार रुपये से ज्यादा के बड़े बकायादारों के खिलाफ नल कनेक्शन काटने व सील करने की कार्रवाई करने के लिए निर्देश दिए। ऐसे में बुधवार को राजस्व की टीम ने अलग-अलग वार्डों में अभियान चलाकर नल कनेक्शन काटने की कार्रवाई की। वार्ड क्रमांक 18-19 में टाउन हॉल के सामने सोनारपारा और पैलेस रोड क्षेत्र में सत्यनारायण, शिवमंगल व राजेश के मकानों में लगभग 2,40,854 रुपये बकाया होने पर नल कनेक्शन काटे गए। अभियान के दौरान 78,759 रुपये जलकर की वसूली भी की गई। इसी तरह अब बड़े बकायादारों के विरुद्ध नल कनेक्शन काटने और कुर्की-सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी।
नोटिस जारी करन वसूली करने के निर्देश
बैठक में निगम के दुकानदारों से किराया व टैक्स वसूली की भी समीक्षा की गई। इस दौरान किराया व टैक्स की राशि जमा नहीं करने वाले दुकानदारों पर सीलिंग और आबंटन निरस्तीकरण की कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बैठक में सभी सहायक राजस्व निरीक्षक को जलकर बकाया रखने वाले उपभोक्ताओं के नल कनेक्शन काटने व सम्पत्तिकर, समेकित कर और जलकर की वसूली में तेजी लाने के लिए अभियान चलाने कहा गया। आयुक्त ने 50 हजार रुपये से अधिक बकाया रखने वालों को नोटिस जारी कर वसूली करने के निर्देश दिए गए।
हर दिन प्रतिवेदन देने के निर्देश
इसके साथ ही सभी वार्ड प्रभारियों को हर दिन अपने क्षेत्र के कम से कम 50 घरों से संपर्क कर निगम से संबंधित सभी तरह के टैक्स वसूली की कार्रवाई करने और शाम 5 बजे तक अपना प्रतिदिन का प्रतिवेदन प्रस्तुत करने कहा गया। राजस्व अधिकारी को नागरिकों लोगों की सुविधा के लिए नगर निगम कार्यालय में शिविर लगाकर कर सभी तरह के टैक्स जमा करने की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने निर्देष दिए गए।
कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी
निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि नगर विकास कार्यों के लिए राजस्व संग्रहण बहुत जरूरी है। टैक्स जमा नहीं होने की स्थिति में शहर के विकास कार्य प्रभावित होते हैं। इसलिए बकाया राशि नहीं जमा करने वालों के खिलाफ सीलिंग, कनेक्शन कट और अन्य नियमानुसार कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


