रायगढ़ में पूर्व विधायक ने फड़ प्रभारी को पीटा:साथियों के साथ धान उपार्जन केन्द्र में तौल का जायजा लेने पहुंचे, शराब के नशे में मारपीट करने का आरोप, पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराया

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में पूर्व विधायक ने धान उपार्जन केन्द्र के फड़ प्रभारी की पिटाई कर दी। वे अपने साथियों के साथ छिछोर उमरिया धान खरीदी केन्द्र में तौल का जायजा लेने पहुंचे थे। तौल में गड़बड़ी की बात को लेकर मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया। घटना के बाद पीड़ित ने मामले में पुसौर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया है। मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार को हर दिन की तरह छिछोर उमरिया धान उपार्जन केन्द्र में खरीदी का काम चल रहा था। बताया जा रहा है कि तभी करीब साढे़ 11 बजे पूर्व विधायक प्रकाश नायक, सुखसागर गुप्ता, बजरंग गुप्ता, रोहित पटेल, कैलाश गुप्ता, रेशम गुप्ता, उत्तम सिदार व अन्य 10-12 उनके साथी वहां पहुंचे। किसानों के रखे धान को तौलने कहा और तौल में गड़बड़ी की बात को लेकर पूर्व विधायक प्रकाश नायक समेत उनके साथ मौजूद सहयोगियों ने फड़ प्रभारी शिशुपाल भोय के साथ मारपीट की। बताया जा रहा है कि घटना के बाद पीड़ित शिशुपाल ने पुसौर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया है। संघ के पदाधिकारियों ने की लिखित शिकायत
शाम करीब छह बजे सेवा सहकारी कर्मचारी संघ के पदाधिकारी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने पूर्व विधायक प्रकाश नायक के साथ ही सुखसागर गुप्ता, बजरंग गुप्ता, रोहित पटेल, कैलाश गुप्ता, रेशम गुप्ता, उत्तम सिदार एवं अन्य उनके 10-12 सहयोगियों के खिलाफ शिकायत की है। उन्होंने अपने आवेदन में शराब के नशे में गाली गलौच कर मारपीट करने आरोप लगाया है। एसपी को आवेदन सौंपकर मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है। संघ का कहना पीड़ित को न्याय मिले
रायगढ़ जिला सहकारी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रामाधर गबेल ने बताया कि छिछोर उमारिया में मारपीट की जो घटना हुई है वह बेहद दुखद घटना है। धान खरीदी केन्द्र के कर्मचारी धान खरीदी का महत्वपूर्ण काम किसानों के साथ तालमेल बनाकर कर रहे हैं। ऐसे में कर्मचारियों के साथ जो मारपीट किया गया है। उससे रायगढ़ जिले के समस्त कर्मचारी संघ क्षुब्ध हैं। उन्होंने कहा कि संघ की मांग है कि पीड़ित कर्मचारी को न्याय मिले।
पूर्व विधायक बोले मारपीट का आरोप निराधार है
पूर्व विधायक प्रकाश नायक ने बताया कि आज वे कांग्रेस के पोल खोल योजना के तहत छिछोर उमरिया गए थे। किसानों ने शिकायत की थी कि ज्यादा धान ले रहे हैं। ऐसे में धान उर्पाजन केन्द्र का निरीक्षण किया गया। जिसमें पाया गया कि 40 किलो 700 ग्राम की जगह 42, 43, 44, 59 किलो तक धान मिला। उनका कहना है कि उस गड़बड़ी के खिलाफ आवाज बुलंद किया गया है। मारपीट का जो आरोप लगाया जा रहा है वह निराधार है। पूर्व विधायक प्रकाश नायक ने कहा कि वहां पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। मारपीट नहीं किया गया है। जरूर ऊंची आवाज में बात किया था। सीसीटीवी फूटेज देखा जा सकता है।
शिकायत हुई है, आगे की कार्रवाई की जा रही
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश मरकाम ने बताया कि छिछोर उमरिया धान खरीदी केन्द्र के फड़ प्रभारी द्वारा पुसौर थाना में आवेदन दिया गया है। जिसमें उनके द्वारा कहा गया है कि पूर्व विधायक प्रकाश नायक और 8-10 साथियों ने गाली-गलौज व मारपीट किया है। सेवा सहकारी कर्मचारी संघ द्वारा भी आवेदन दिया गया है। इस मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *