छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में बारिश से होने वाली समस्याओं को लेकर कांग्रेस के पार्षदों ने नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा है। बारिश से पहले नालों की साफ-सफाई व बदहाल सड़कों का पेंचवर्क के साथ ही डेंगू को लेकर वार्डों में दवा छिड़काव की मांग की गई है। नगर निगम नेता प्रतिपक्ष सलीम नियारिया के साथ कांग्रेस के पार्षदों ने आयुक्त को आवेदन दिया है और बताया कि शहर में लगभग 10 से 15 ऐसे बडे़ नाले हैं, जिसे समय पर सफाई नहीं करवाया गया तो मोहल्लों में जल भराव की स्थिति निर्मित हो जाएगी। इन नालों की साफ-सफाई कर्मचारियों के गैंग के माध्यम से होगी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में देखा गया है कि नगर निगम के वार्डों में 6 कर्मचारी आबंटित किए गए हैं, उन्हीं कर्मचारियों का गैंग बना कर सफाई करवाया जा रहा है। उसमें भी कई कर्मचारी अनुपस्थित रहते हैं। जिसके कारण वार्डों की सफाई व्यवस्था चरमरा जाती है। कांग्रेस पार्षदों ने बताया कि पूर्व में नगर निगम द्वारा शहरी क्षेत्र के नालों की साफ-सफाई ठेका पद्धति के माध्यम से करवाया जाता था, वर्तमान में स्वच्छता कमाण्डो को किस कार्य पर लगाया गया है जानकारी उपलब्ध नहीं है क्योंकि शहर के मध्य किसी भी नालों की सफाई अब तक पूरी नहीं हो सकी है। ऐसे में शहर के मध्य जल भराव की स्थिति निर्मित होने की संभावना है। कांग्रेसी पार्षदों ने समय रहते शहर के मध्य व आसपास के बड़े नालों की साफ-सफाई जल्द से जल्द कराने की मांग की है। बदहाल सड़कों के पेंचवर्क की मांग
इसके अलावा कांग्रेस के पार्षदों ने एक आवेदन शहर की बदहाल सड़कों के पेंचवर्क के लिए सौंपा है। जिसमें बताया गया है कि शहर की कई सड़कों का सुधार कराया गया है और किया जा रहा है, लेकिन शहर के मध्य व आसपास ऐसी कई जर्जर सड़के हैं जिसकी स्वीकृति के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। उन्होंने बताया कि ऐसा लगता है कि इसकी संभवतः स्वीकृति बारिश के बाद होगी। ऐसी स्थिति में जिन सडकों पर छोटे-बड़े गड्ढे हैं। उन पर बारिश से पूर्व पेंच वर्क करावा दिया जाता है तो ये गड्ढे बारिश में तालाब नहीं बनेंगे। कांग्रेसी पार्षदों ने जल्द ही बदहाल सड़कों का पेंचवर्क की मांग की है।
डेंगू से बचाव के लिए दवा का छिड़काव जरूरी
साथ ही कांग्रेस के पार्षदों ने डेंगू से बचाव के लिए भी वार्डों में दवा छिड़काव की मांग की है। उनका कहना है कि शहर में हर साल डेंगू आता है और कई लोग इसकी चपेट में आते हैं। ऐसे में सभी वार्डों में समय रहते फागिंग करने व दवा का छिड़काव किया जाए। जहां आयुक्त ने उनकी मांगो को निराकरण करने का आश्वसन दिया है।


