छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में एक युवक को पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का मामला सामने आया है। जिसमें गंभीर रूप से झुलसे युवक की ईलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद मामले की सूचना पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मामला खरसिया थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक घटना 16-17 फरवरी की देर रात की है। मंगलवार की सुबह मौहापाली के भांटापारा मोहल्लें में एक युवक को अधजले हालत में देखा गया। तब युवक की पहचान चपले निवासी नंदू पटैल उर्फ शिव प्रसाद पटेल के रूप में हुई। ऐसे में उसके मामा शत्रुघन पटैल को इसकी जानकारी दी गई। तब उसके परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और युवक को गंभीर हालत में ईलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत को देखते हुए रायगढ़ रेफर कर दिया। इसके बाद मंगलवार की शाम को ईलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मामले की जानकारी खरसिया पुलिस को लगी। जिसके बाद पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है।
गांव के दो युवकों पर की जा रही आशंका
बताया जा रहा है कि घटना के बाद गांव की गली का CCTV फूटेज भी पुलिस ने खंगाला है। जिसमें यह देखा जा रहा है कि अंतिम बार गांव के दो युवकों को उसे रोकते हुए देखा गया है। ऐसे में उन दोनों युवकों पर मारपीट के बाद जलाने की आशंका की जा रही है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक गुंडा प्रवत्ति के हैं।
रात में मामा के घर से खाना खाकर निकला
मृतक का मामा शत्रुघन पटेल ने बताया कि उसका भांजा शिव प्रसाद पटेल चपले में रहता है और सोमवार की शाम को वह मौहापाली गांव में बैंक आया था। जहां बैंक से पैसा नहीं निकलने पर अपने मामा के घर गया और उसने पूरी बात बताकर रात में मामा शत्रुघन के घर में खाना खा कर वापस अपने घर जाने के लिए बाइक पर सवार होकर निकला। शत्रुघन पटेल ने बताया कि रात करीब साढ़े 10-11 बजे के बीच दो लड़के उसे रोके और क्या विवाद या बात हुआ यह जानकारी नहीं है, लेकिन शक है कि वे ही उस पर हमला कर उसे पट्रोल से जला दिए। करीब 60 प्रतिशत वह जल चुका था। सुबह गांव वालों ने इसकी जानकारी दी। जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया और कल शाम ईलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। गांव के निलेश डंजारे और गंगाराम उर्फ कृष्णा पर शक है। अक्सर वे लोगों को रात में रोकते थे और लूटपाट करते थे।
पुलिस हर एंगल पर जांच कर रही है
इस संबंध में खरसिया SDOP प्रभात पटेल ने बताया कि मौहापाली में युवक को अधजले हालत में देखा गया था। जिसके बाद ईलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस हर एंगल में जांच कर रही है। CCTV फूटेज भी खंगाला जा रहा है। जल्द ही इस मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


