छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। 3 दिन बाद उसके शव से दुर्गंध आने पर मां ने उसे फांसी पर लटके देखा। जिसके बाद गावं के लोगों ने मामले की सूचना थाने में दी। घटना कोतरा रोड थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, गेजामुड़ा गांव निवासी मनोहर सिदार (20) रोजी मजदूरी का काम करता था। मंगलवार को मनोहर अपने घर में बिना कुछ बताए बाहर निकला और नहर के पास एक सूने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। दो दिन घर नहीं आने पर उसके परिजन आसपास तालाश कर रहे थे, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। आज सुबह मनोहर की मां कचरा फेंकने के लिए नहर की ओर जा रही थी, तभी उसे तेज दुर्गंध आने लगी। बेटे को फांसी पर लटके देखा जिसके बाद वो उसे देखने पहुंची, तो मनोहर फांसी पर लटका मिला। उसने मामले की जानकारी परिवार के बाकी सदस्यों को दी। थोड़े ही देर में घटना की जानकारी पूरे गांव में फैल गई। तब ग्रामीणों ने इसकी सूचना कोतरा रोड थाने में दी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। मौत के कारणों का पता नहीं चला पुलिस ने देखा कि, शरीर फूल गया है। सड़ने से दुर्गंध आ रही है। उसे किसी तरह फांसी के फंदे से नीचे उतारा गया और पंचनामा कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। बताया जा रहा है कि, मौत का कारण अभी सामने नहीं आ सका है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही इसका खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।


