छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में बीती रात एक हाथी NH रोड के करीब आ गया। इससे पास के गांव में दहशत का माहौल निर्मित हो गया। मामले की जानकारी लगने के बाद वनकर्मी मौके पर पहुंचे और उस रोड पर आने जाने वाले लोगों को रोका गया। मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार की रात तकरीबन साढ़े 9 बजे एक हाथी जंगल से निकलकर छोटे देवगांव के करीब पहुंच गया। यहां NH रोड के करीब हाथी आने की जानकारी जब ग्रामीणों को लगी, तो वनकर्मी ग्रामीण मौके पर पहुंचे और NH रोड पर दोनों ओर से आने जाने वाले लोगों को रोका गया। ताकि किसी प्रकार का नुकसान न हो। हाथी गांव के करीब पहुंचने से ग्रामीणों के बीच दहशत का माहौल निर्मित हो गया और रात में उन्हें रतजगा भी करना पड़ा। इसके बाद देर रात में हाथी उल्दा मंदिर की पहाड़ी पर चढ़ गया। जिस पर विभाग द्वारा लगातार नजर रखी जा रही है। 12 घर को तोड़ चुका हाथी
बीते दिनों एक हाथी ने रायगढ़ और घरघोड़ा रेंज में भी जमकर उत्पात मचाया। जहां 14 और 15 फरवरी की रात को भगोरा, चकाबहाल, बंगुरसिया व जुनवानी में 9 घरों को हाथी ने ढहा दिया। इसके बाद रविवार की रात को घरघोड़ा रेंज के अमलीडीह गांव में 3 कच्चे घरों को ढहा दिया। इसके अलावा केला फसल को भी हाथी ने नुकसान पहुंचाया है। रात में कोई नुकसान नहीं
इस संबंध में खरसिया रेंज के बरगढ़ सर्किल प्रभारी टंकेश्वर राठिया ने बताया कि रात में छोटे देवगांव के पास NH रोड पर हाथी के आने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर उस पर निगरानी रखी गई। हाथी ने रात में कोई नुकसान नहीं किया है। अभी उल्दा मंदिर के ऊपर पहाड़ में कक्ष क्रमांक 1147 आरएफ में विचरण कर रहा है।


