छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में ठगी का मामला सामने आया है। जिसमें एक विधवा महिला से 7 लाख से अधिक रूपए की ठगी की घटना को अंजाम दिया गया है। इसमें क्रेडिट कार्ड को बंद कराने के नाम पर धोखाधड़ी की गई है। घटना चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक कृष्ण वाटिका बोइरदादर की रहने वाली स्मिता रोहित 43 साल के पति कुमार रोहित की मृत्यु कुछ समय पहले हुई थी। 2 दिसबंर 2024 को स्मिता के मोबाईल पर एक अज्ञात नंबर से काॅल आया और खुद को बैंक का अधिकारी बताते हुए कहने लगा कि उसके पति के नाम के क्रेडिट कार्ड का वार्षिक एमाउंट आपके खाते से कटेगा। अगर इससे बचना चाहते हैं, तो आपके पति के नाम से जारी क्रेडिट कार्ड को बंद करा दीजिए। जिसके बाद स्मिता ने अपने पति के क्रेडिट कार्ड को बंद कराने का प्रोसेस पूछा, तब अज्ञात व्यक्ति के द्वारा मोबाईल से व्हाट्सअप के जरिए स्क्रिन शेयर करने कहा गया। ऐसे में स्मिता उसके झांसे में आ गई और अपने मोबाईल नंबर से स्क्रीन शेयर करने लगी। प्ले स्टोर से एप डाउनलोड करने कहा
तब उससे कहा गया कि क्रेडिट को बंद कराने के लिए उसका फोटो खींचकर अपने मोबाईल से एसबीआई कार्ड एप प्ले स्टोर से डाउनलोड कर लाॅगिंग करे। ऐसे में जब स्मिता ने एप डाउनलोड कर लाॅगिंग किया, तो उसके खाते का पासवर्ड व लाॅगिंग आईडी दिख गया। इसके बाद लाॅगिंग नहीं होने की बात कहते हुए स्मिता के पति के नाम से जारी क्रेडिट कार्ड को बंद कराने की पूरी प्रक्रिया को खुद से करने का झांसा दिया गया।
मोबाईल पर आने लगे कई OTP
तब स्मिता के मोबाईल पर कई OTP आने लगे। ऐसे में स्मिता ने पूछा कि किसी प्रकार से रूपए तो नहीं कटेगा, लेकिन ठगबाज ने रूपए नहीं कटने का विश्वास दिलाया। इसके बाद प्रोसेस पूरी होने की बात कहने लगा। स्मिता से कहा गया कि आपके पति के नाम कोई और सेविंग एकाउंट या क्रेडिट कार्ड तो नहीं है इसके कन्फर्मेशन के लिए उसका नंबर देने और स्क्रीन शेयर करने कहा।
तीन ट्रांजेक्शन हुए और 7 लाख पार
जब स्मिता ने अपने पति के आईसीआईसीआई सेविंग एकांउट का नबंर दिया तो कुछ देर बाद तीन ट्रांजेक्शन हुए और 7 लाख 9 हजार 648 रूपए एकाउंट से कट गया। जिसकी जानकारी लगने के बाद जब स्मिता ने बैंक से संपर्क किया, तो उसे पता चला कि उसके पति कुमार रोहित का क्रेडिट कार्ड पहले से बंद पड़ा है।
थाना में दर्ज करायी रिपोर्ट
इसके बाद स्मिता समझ गई कि वह ठगी का शिकार हो गई है। ऐसे में उसने पहले सायबर सेल में इसकी सूचना दी और कल चक्रधर नगर थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करायी है। जहां पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।


