छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में एक 4 साल की बच्ची की मौत हो गई। साड़ी के झूला को झूलने के लिए निकलते समय उसका गर्दन उसमें फंस गया और मौके पर उसकी जान चली गई। घटना के बाद मामले की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम किया है। मामला कोतरा रोड थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम जामपाली में रहने वाला रामलाल सारथी की पत्नी और उसकी 4 साल की बेटी रिद्धिमा सारथी 4 साल गुरूवार की शाम को घर पर थे। रिद्धिमा के परिजनों ने घर में ही साड़ी का झूला बंध रखा था। जिसमें रिद्धिमा झूलती और खेलती थी। गुरूवार की शाम को घर में रिद्धिमा अकेले छोड़कर उसकी मां घर के बाहर दुकान कुछ सामान लेने के लिए गई। इसी दौरान साड़ी के झूला को रिद्धिमा निकालने की कोशिश की और किसी तरह उसका गला उसमें फंस गया। जिससे वह बाहर नहीं निकल सकी और उसकी जान चले गई। कुछ देर बाद जब रिद्धिमा की मां घर पहुंची, तो उसने उसे साड़ी के झूले में फंसे देखा। इसके बाद तत्काल मामले की जानकारी अपने परिजनों को दी और किसी तरह उसे अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मामले की जानकारी कोतरा रोड पुलिस को दी गई।
मामले में जांच की जा रही
इस संबंध में कोतरा रोड थाना प्रभारी मोहन भारद्वाज ने बताया कि गुरूवार की शाम को घटना की सूचना मिली थी। प्रारंभिक पूछताछ में जानकारी मिली कि साड़ी के झूले को उपर टांग कर रखा गया था और बगल में बाइक खड़ी थी। जिस पर चढ़कर बच्ची झूला निकालने की कोशिश की, उसी दौरान वह फंस गई। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।


