छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में बड़ी घटना घटित हुई है। जिसमें एक हाईवा और ट्रैलर के बीच जमकर भिडंत हो गई। इससे केबिन में फंसकर ड्रायवर जिंदा जल गया। वहीं दूसरे चालक की पुष्टि आग बुझने के बाद हो सकती है। फिलहाल मौके पर पुलिस और दमकल की टीम आग को बुझाने में लगी हुई है। मामला घरघोड़ा थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक रविवार की दोपहर तकरीबन 1 बजे घरघोड़ा से कुडुमकेला के बीच कुरकुट नाला के पास एक तेज रफ्तार हाईवा और ट्रेलर के बीच आमने-सामने से जबरदस्त टक्कर हो गई। इससे कुछ ही मिनटों में दोनों ही गाड़ियों में जबरदस्त आग लग गई। धीरे धीरे आग इतना बढ़ गया कि केबिन में फंसे दोनों ड्रायवर निकल नहीं सके और दोनों चालकों की जिंदा जलने से मौत हो गई। हांलाकि पुलिस अभी दूसरे चालक की पुष्टि नहीं कर रही है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद आसपास के काफी लोग यहां पहुंच गए, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि ड्राइवरों को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिल सका। घटना के बाद तत्काल इसकी सूचना पुलिस व दमकल विभाग को दी गई।
पुलिस और दमकल की टीम मौके पर
ऐसे में घरघोड़ा पुलिस समेत दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। वहीं घटना के बाद रायगढ़-घरघोड़ा मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया है। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। फिलहाल मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई में जूटी हुई है।
हाईवा चालक की गलती
वहीं इस रोड पर कुछ प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो घटना की मुख्य वजह हाईवा चालक की लापरवाही है। जिसके द्वारा तेज रफ्तार वाहनों को चलाते हुए जबरदस्त ढंग से टक्कर मार दिया। इससे ट्रैलर चालक को संभलने का मौका तक नहीं मिला। बताया जा रहा है कि यह दुर्घटना के लिए ब्लैक स्पॉट क्षेत्र है और इससे पहले भी यहां दुर्घटनाएं घटित हो सकी है।
आग बुझाने के बाद क्लियर होगा
इस संबंध में घरघोड़ा थाना प्रभारी कुमार गौरव ने बताया कि हादसा कुरकुट नाला के पास हुआ है। इसमें एक ड्रायवर की जलकर मौत हो गया है और दूसरे की आग बुझने के बाद पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल आग को बुझाने के लिए अब तक 3 दमकल वाहन का इस्तेमाल किया जा सका है और आगे की कार्रवाई जारी है।


