छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में होली को लेकर लोगों में उत्साह था। सुबह से लोग होली खेलने निकल पड़े। एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगा रहे थे। वहीं दूसरी ओर पूरे शहर में पुलिस की मुस्तैदी रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वयं पैदल घूम-घूमकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने लगे। होली पर्व के अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह स्वयं सुबह से ऑन फील्ड रहकर शहर की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर रहे हैं। SSP ने सुबह शहर के प्रमुख चौक-चौराहों व संवेदनशील पॉइंट्स का भ्रमण कर ड्यूटी में तैनात पुलिस जवानों को मुस्तैद रहकर कर्तव्य पालन के निर्देश दिए। इसके बाद किरोड़ीमल क्षेत्र सहित विभिन्न इलाकों में होली व्यवस्था का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आम नागरिकों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली मनाने की समझाइश दी तथा त्यौहार की शुभकामनाएं दीं। किरोड़ीमल नगर के विभिन्न बस्तियों में लगातार पेट्रोलिंग कर लोगों को चेतावनी दी गई कि किसी भी प्रकार के उत्पात, हुड़दंग या कानून व्यवस्था भंग करने की स्थिति में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बच्चों ने SSP से हाथ मिलाए
होली के दिन SSP स्वंय शहर के मुख्य मार्गों समेत मोहल्लों में जा रहे थे। ऐसे में जो बच्चे व युवा होली खेल रहे थे। पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को देख उसे बेहतर बता रहे थे। साथ ही बच्चे SSP से हाथ मिलाने के लिए उनके पास तक पहुंच रहे थे। SSP ने सभी से हर्षोल्लास और आपसी भाईचारे के साथ होली मनाने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की बात कह रहे थे।
ड्रोन कैमरे से कर रहे निगरानी
इसके अलावा होली पर्व को लेकर इस बार शहर में 5 ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की जा रही है। साथ ही पुलिस बल की 28 मोबाइल पेट्रोलिंग लगातार शहर में गश्त कर रही थी। पुलिस कंट्रोल रूम से शहर में लगे CCTV से भी मानिटरिंग की जा रही थी।
बाइकर्स गैंग, तीन सवारी और मुखौटा गैंग वालों को चेतावनी
होली को लेकर पुलिस चौक-चौराहों पर बनाए गए 16 चेक पॉइंट पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। बाइकर्स गैंग, तीन सवारी वाहन चालकों, मुखौटा लगाकर घूम रहे युवकों की विशेष रूप से जांच की जा रही है। चेकिंग के दौरान थाना चक्रधरनगर के थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा द्वारा युवकों को शालीनता व शांतिपूर्ण ढंग से होली मनाने की कड़ी समझाइश दी गई। समझाइश के बाद उन्हें सख्त चेतावनी देकर छोड़ा गया। इसी तरह शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की भारी तैनाती के साथ सघन चेकिंग जारी है।


