रायगढ़ में 4 माह से नहीं मिल रहा पेंशन राशि:कांग्रेसियों ने किया विरोध प्रदर्शन, नारेबाजी करते कलेक्ट्रेट पहुंचे, कलेक्टर के नाम आवेदन सौंपा

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में पिछले 4 माह से पेंशनधारियों को पेंशन की राशि नहीं मिल पा रही है। जिसकी वजह से उन्हें काफी आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में कांग्रेस नेता काफी संख्या में हितग्राहियों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर पेंशन राशि दिलाने की मांग की है। मंगलवार की दोपहर में जिला कांग्रेस कमेटी से कांग्रेस नेता पंजरी प्लांट पहुंचे। जहां काफी संख्या में पेंशनधारी हितग्राही मौजूद थे। इसके बाद सभी एक साथ यहां से पेंशन की राशि की मांग को लेकर नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां कांग्रेसियों का कहना था कि नगर निगम क्षेत्र के 7848 हितग्राहियों को केन्द्र सरकार की लचर कार्यप्रणाली के कारण पेंशन का लाभ नहीं मिल पा रहा है। कांग्रेस नेताओं के द्वारा कलेक्टर के नाम आवेदन सौंपा गया। जिसमें बताया गया कि रायगढ़ निगम क्षेत्र में विधवा पेंशन, वृद्ध पेंशन के लिए केन्द्र से राशि नहीं मिलने के कारण करीब 4 माह से हितग्राहियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने अपने ज्ञापन में बताया कि रायगढ़ निगम क्षेत्र में छग राष्ट्रीय वृद्धा पेंशन 80 वर्ष से अधिक 60 से 79 वर्ष तक वृद्धा पेंशनरों की संख्या 3804 है। वहीं इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशनरों की संख्या 742 व दिव्यांग पेंशनरों की संख्या 61, सुखद सहारा योजना की हितग्राहियों की संख्या 1465 और सामाजिक सुरक्षा पेंशनरों की संख्या 1565 है। इसी तरह मुख्यमंत्री पेंशन योजना की हितग्राहियों की संख्या 211 है। कुल मिलाकर निगम क्षेत्र में 7848 ऐसे हितग्राही हैं जिनके जीवन में पेंशन ही सहारा है।
केन्द्र से राशि का आबंटन नहीं हो रहा
उन्होंने ज्ञापन में बताया कि इस समस्या का कारण केंद्र सरकार द्वारा राज्य को अपना अंश नहीं देना है। योजना के तहत केंद्र का अंश नहीं मिलने से बुजुर्गों को पेंशन नहीं मिल पा रही है। राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के तहत परिवार के मुखिया की मौत होने पर 20 हजार रुपये की राशि मिलती है, लेकिन छत्तीसगढ़ के लोगों को यह राशि भी नहीं मिल पा रही है, क्योंकि केंद्र सरकार से राशि का आबंटन नहीं हो रहा है।
जल्द राशि खाते में डलवाने की मांग
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि केंद्र से राशि नहीं मिलने से राज्य सरकारें अपने वादों को पूरा नहीं कर पा रही है। इससे लोगों में आक्रोश है और वे आज हमारी कांग्रेस पार्टी के माध्यम से सरकार से अपनी पेंशन की मांग कर रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर के नाम आवेदन सौंपकर पेंशन की राशि जल्द से जल्द जारी करवाने की मांग की है।
संवेदनहीन सरकार के कारण हितग्राही परेशानी झेल रहे
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शाखा यादव ने बताया कि हितग्राहियों को पेंशन नहीं मिल पा रहा है, इसके लिए पूर्व में जिला प्रशासन को अवगत कराया गया था। 4 माह से पेंशन नहीं मिल सका है। नगर निगम क्षेत्र के 7848 राशि नहीं मिल सकी है। जानकारी मिल रही है कि केन्द्र सरकार की योजनाओं के माध्यम से राशि का आबंटन नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट है कि संवेदनहीन सरकार है और हिताग्रहियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कलेक्टर के नाम आवेदन सौंपकर जल्द ही राशि हिताग्राहियों के खाते में डाला जाए इसकी मांग की गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *