रायपुरियंस में जमकर होली की खुमारी देखने को मिल रही है। छोटे-छोटे बच्चों समेत यूथ सुबह से ही एक दूसरे को रंग गुलाल और कलर से रंग रहे हैं। गली मोहल्लो में DJ की धून और नगाड़ो की थाप में जमकर होली मनाई जा रही है। लोग एक दूसरे से गले मिलकर होली की बधाई दे रहे हैं। रंगों के बीच यूथ सोशल मीडिया में फोटो भी अपलोड कर रहे हैं इसके लिए वह सेल्फी और ग्रुप फोटो ले रहे हैं। परिवार में लोग एक दूसरे का मुंह मीठा करा रहे हैं। जिला प्रशासन ने ली थी शांति समिति की बैठक इस होली त्योहार को शांतिपूर्वक निपटाने के लिए 2 दिन पहले रायपुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित टाउनहॉल में जिला और पुलिस प्रशासन ने शांति समिति की बैठक ली थी। जिसमें कई समाजों के प्रमुख नागरिक शामिल हुए थे। होली और रमजान को ध्यान में रखते हुए सभी से शांतिपूर्ण और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की गई। पुलिस ने भी की है तैयारी राजधानी रायपुर में रंगोत्सव के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने ‘फुलप्रूफ’ प्लान तैयार किया है। होली पर हुड़दंग करने वालों पर आसमान से लेकर सड़क तक कड़ी नजर रखी जाएगी। शहर के संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरे तैनात किए गए हैं, जो पल-पल की जानकारी कंट्रोल रूम को भेजेंगे। रायपुर कमिश्नरेट ने शहर को तीन हिस्सों में बांटा है। किसी भी विवाद या सूचना मिलने पर 5 मिनट के भीतर पुलिस बल मौके पर पहुंचेगा और नियम अनुसार कार्रवाई करेगा। त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और निगरानी के लिए 3000 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा। ये पुलिसकर्मी बुधवार शाम तक लगातार ड्यूटी करेंगे। इसके अलावा पुलिस की ड्रिंक एंड ड्राइव और ट्रिपल बाइक-स्कूटी सवारों पर भी नजर रहेगी। ड्रिंक एंड ड्राइव और ट्रिपल सवारी पर फोकस ट्रैफिक पुलिस ने शहर में 60 से ज्यादा चेकिंग प्वाइंट बनाए हैं। यातायात विभाग के 500 जवान मुख्य चौक-चौराहों पर तैनात रहेंगे। मुख्य ध्यान शराब पीकर वाहन चलाने वालों, तेज रफ्तार बाइक चलाने वालों और तीन सवारी घूमने वालों पर रहेगा। पकड़े जाने पर वाहन सीधे थाने में जब्त किया जाएगा और चालक को पैदल घर जाना होगा। सड़क पर डीजे लगाना प्रतिबंध पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़कों पर डीजे लगाना प्रतिबंधित रहेगा और यातायात बाधित नहीं होने दिया जाएगा। नशे में उत्पात मचाने, तेज रफ्तार वाहन चलाने, 3 सवारी बैठाने, खुली जीप में हुड़दंग करने और जबरन चंदा वसूली करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुखौटा लगाकर घूमने और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। सौहार्द और सहयोग की अपील नगर सेना की तरफ से फायर ब्रिगेड की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। होली प्राकृतिक रंगों और गुलाल से खेलने की सलाह दी गई है, जबकि पेंट, कीचड़ और हानिकारक पदार्थों के उपयोग पर रोक रहेगी। धार्मिक स्थलों पर रंग न डालने और किसी के घर पर जबरन रंग न फेंकने की हिदायत दी गई है। प्रशासन ने सभी समाज प्रतिनिधियों से शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। मंदिरों में भक्ति और फूलों की होली धार्मिक आस्था के साथ होली मनाने वालों के लिए भी खास व्यवस्था की गई है। राम मंदिर में आज शाम विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा। गिरीराज मंदिर में 4 मार्च को विशेष आयोजन तय किए गए हैं। 4 मार्च बुधवार को सुबह 9 बजे से फूलों की होली खेली जाएगी और दोपहर 12:30 बजे आरती होगी।


