रायपुर कलेक्टर पिंक ई-रिक्शा में हुए सवार; VIDEO:12 किलोमीटर सफर कर गांव के नल कनेक्शनों और पंचायतो का किया निरीक्षण, पंचायत CEO भी मौजूद

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने बुधवार को मंदिर हसौद के दौरे के दौरान अचानक मंदिर हसौद–नया रायपुर मार्ग पर रुककर ‘बिहान’ समूह की महिलाओं द्वारा चलाई जा रही पिंक ई-रिक्शा सेवा का निरीक्षण किया। उन्होंने ई-रिक्शा चालक कोटरभाटा (आरंग) निवासी सीतू कोसले से बातचीत कर उनकी आमदनी और कामकाज के बारे में जानकारी ली। सीतू ने बताया कि ई-रिक्शा चलाकर उन्हें हर महीने 20 हजार रुपए से अधिक की आय हो रही है। उन्होंने कहा कि अब वे आत्मनिर्भर हैं और परिवार भी इस काम से खुश है।
कलेक्टर खुद पिंक ई-रिक्शा में बैठे और ग्राम परसदा, नवा रायपुर तक करीब 12 किलोमीटर की यात्रा की। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन भी साथ थे। यात्रा पूरी करने के बाद कलेक्टर ने यूपीआई के जरिए किराया भुगतान किया और डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
बिहान योजना से महिलाओं को मिला रोजगार
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में ‘बिहान’ योजना और एनआरडीए के तहत अभनपुर और आरंग ब्लॉक की 40 महिलाओं को 40 इलेक्ट्रिक ऑटो निःशुल्क दिए गए हैं। इन पिंक ई-रिक्शाओं को ऑनलाइन बुकिंग प्लेटफॉर्म ‘रेपिडो’ से जोड़ा गया है, जिससे लोग मोबाइल ऐप के माध्यम से आसानी से सवारी बुक कर पा रहे हैं। कम किराया और पूरी तरह इलेक्ट्रिक होने के कारण यह सेवा पर्यावरण के लिए भी बेहतर मानी जा रही है।
अमृत मिशन कार्यों का निरीक्षण, तंबाकू ठेला सील
दौरे के दौरान कलेक्टर ने अमृत मिशन योजना के तहत बनी पानी टंकी का निरीक्षण कर निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। शासकीय प्राथमिक शाला के सामने एक पान ठेले पर तंबाकू बिकते मिलने पर उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए ठेला सील करने के निर्देश दिए।
नगर पालिका और पंचायत अभिलेखों की समीक्षा
कलेक्टर ने नगर पालिका परिषद मंदिर हसौद कार्यालय का भी औचक निरीक्षण किया। यहां उन्होंने कर्मचारियों की उपस्थिति, बैठने की व्यवस्था, भुगतान रजिस्टर और अन्य अभिलेखों की जांच की तथा समय पर अटेंडेंस दर्ज करने के सख्त निर्देश दिए। ग्राम परसदा में जल जीवन मिशन के तहत लगाए गए नल कनेक्शन, सोखता गड्ढा और पंचायत कार्यालय के रिकॉर्ड की भी जांच कर पेंशन, राशनकार्ड और प्रमाण पत्रों की प्रगति की समीक्षा की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *