“होश वालों को खबर क्या बे-खुदी क्या चीज है, इश्क कीजे फिर समझिए जिंदगी क्या चीज है… वैलेंटाइन डे के मौके पर ये लाइन रायपुर के इस कपल पर बिल्कुल सटीक बैठती हैं, जिनकी लव स्टोरी आज लोगों के दिलों को छू रही है। अपनी शानदार केमेस्ट्री और मॉडलिंग के लिए हमेशा चर्चा में रहने वाले अधीर भगवनानी और जया भगवनानी की कहानी बताती है कि उनका रिश्ता भले ही अपनों ने तय किया था, लेकिन मोहब्बत दिलों ने खुद लिखी। बैरनबाजार में रहने वाले अधीर भगवनानी की 1984 में जया के साथ अरेंज मैरिज हुई थी, जो समय के साथ इतनी गहरी मोहब्बत में बदल गई कि आज लोग उन्हें रायपुर का ‘लव बर्ड कपल’ कहते हैं। करीब 42 साल पहले शुरू हुआ यह रिश्ता आज भी किसी नई प्रेम कहानी जैसा लगता है। शादी भले ही अरेंज थी, लेकिन दोस्ती और आपसी समझ ने इसे मजबूत प्यार में बदल दिया। आज भी अधीर और जया जहां भी जाते हैं, साथ नजर आते हैं और यही उनकी पहचान बन चुकी है। उम्र के उस पड़ाव पर, जहां लोग आराम को प्राथमिकता देते हैं, अधीर ने 60 की उम्र पार करने के बाद मॉडलिंग की शुरुआत की। हर शूट पर जया उनके साथ जाती थीं। दोनों की शानदार केमेस्ट्री देखकर एक फोटोग्राफर ने जया को भी मॉडलिंग करने की सलाह दी। इसके बाद यह जोड़ी साथ में कैमरे के सामने आई और आज देश के कई बड़े ब्रांड्स के लिए शूट कर रही है। पहले ये तस्वीरें देखिए… पढ़िए अधीर-जया की लव स्टोरी… हम अभी भी मोहब्बत की तलाश में हैं… अधीर का मानना है कि प्यार को जिंदा रखने के लिए दिल का जवान रहना जरूरी है। वे कहते हैं ‘हम आज भी मोहब्बत को ढूंढ रहे हैं। जब कभी हम दूर रहते हैं तो एक-दूसरे से मिलने के लिए तड़पते हैं। हमारी बेटी भी कहती है आप दोनों एक-दूसरे के बिना रह ही नहीं सकते। एक दर्जन से ज्यादा शूट साथ में किए अधीर की उम्र 66 साल हैं और जया 64 साल की हैं। अधीर ने रिटायरमेंट की उम्र में मॉडलिंग करियर चुना और देशभर में अपनी पहचान बनाई। अधीर बताते हैं कि उन्हें ज्यादातर शूट के लिए दिल्ली और मुंबई जाना पड़ता है और हर बार जया उनके साथ रहती हैं। अधीर कहते हैं ‘एक बार हमारी केमेस्ट्री देखकर फोटोग्राफर ने जया को भी मॉडलिंग करने का सुझाव दिया। पहली बार हमने साथ में शूट किया और देखते ही देखते लोगों को हमारी केमेस्ट्री पसंद आने लगी। आज हम करीब एक दर्जन से ज्यादा अलग-अलग ब्रांड्स के लिए शूट कर चुके हैं। यही वजह है कि सोशल मीडिया से लेकर फैशन सर्कल तक उनकी जोड़ी की चर्चा लगातार होती रहती है। कम उम्र के लोगों के साथ दोस्ती अधीर-जया बताते हैं हम बूढ़े नहीं हुए हैं क्योंकि हमारी दोस्ती हमारे से कम उम्र के लोगों के साथ है, यहीं वजह है कि आज भी हमारा प्यार जवान हैं। दोनों कहते हैं कि हम हमारे उम्र के लोगों के साथ इसलिए ज्यादा नहीं रहते क्योंकि वे अलग किस्म की बातें करते हैं। यहीं वजह है कि हमारी दोस्ती ज्यादतर युवाओं के साथ है। जया भगवनानी: आर्टिस्ट भी, शेफ भी जया भगवनानी एक आर्टिस्ट हैं और वह लोगों को पेंटिंग सिखाती हैं। इसके साथ ही वे एक बेहतरीन शेफ भी हैं। जया को लोगों को प्यार से खाना खिलाना बेहद पसंद है। यही वजह है कि 2018 में उन्होंने अपने घर पर ही क्यूरेटेड डिनर की शुरुआत की थी। धीरे-धीरे यह सिलसिला लगातार आगे बढ़ता गया। उनकी शानदार मेहमाननवाजी से खुश होकर लोग आज भी बड़े चाव से उनके घर खाना खाने पहुंचते हैं। जया अलग-अलग देशों के स्वादिष्ट व्यंजन बनाकर मेहमानों को खिलाती हैं, वहीं उनके पति अधीर भगवनानी खुद मेहमानों को खाना सर्व करते हैं। बेटा-बहू भी हैं फिल्मी दुनिया से जुड़े अधीर और जया की बहू चित्राशी रावत हैं, जिन्होंने शाहरुख खान की हिट फिल्म ‘चक दे इंडिया’ में कोमल चौटाला का किरदार निभाया था। वहीं उनके बेटे ध्रुवादित्य भगवनानी भी एक्टर हैं। करीब तीन साल पहले दोनों की लव मैरिज हुई थी और उनका विवाह समारोह बिलासपुर में संपन्न हुआ था। ये तस्वीरें भी देखिए …………………… वैलेंटाइन डे से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… रायपुर का 119 साल पुराना मंदिर…यहां रोजाना लव-मैरिज: अंग्रेजों के जमाने से अब तक 34 हजार शादियां हो चुकीं, रोज पहुंचते हैं प्रेमी जोड़े छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बैजनाथ पारा स्थित आर्य समाज मंदिर प्रेम करने वालों के लिए किसी तीर्थ स्थल से कम नहीं है। यहां हर साल हजारों शादियां होती है। यहां आने वाले जोड़े अपने चाहने वाले का साथ और जीवन भर हाथों में हाथ की चाहत लेकर आते हैं। पढ़ें पूरी खबर…


