राजधानी रायपुर में फरार और लंबे समय से वारंट पर चल रहे आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सेंट्रल जोन में एक ही रात चले विशेष अभियान के दौरान कुल 181 वारंटियों को पकड़ा गया। इनमें 6 साल से फरार एक आरोपी भी शामिल है, जिसकी पुलिस को लंबे समय से तलाश थी। अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले के निर्देश पर पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में यह अभियान चलाया गया। अभियान को सेंट्रल जोन के 7 थानों में एक साथ प्रभावी रूप से अंजाम दिया गया। पुलिस टीमों ने योजनाबद्ध तरीके से वारंटियों के ठिकानों पर दबिश दी और रात भर कार्रवाई जारी रखी। इन थानाक्षेत्रों में पुलिस का एक्शन पुलिस के अनुसार, बीते एक सप्ताह के भीतर यह विशेष अभियान थाना देवेन्द्र नगर, तेलीबांधा, सिविल लाईन, कोतवाली, गोलबाजार, मौदहापारा और गंज थाना क्षेत्रों में चलाया गया। इस दौरान थाना देवेन्द्र नगर से 30, तेलीबांधा से 37, सिविल लाईन से 34, कोतवाली से 32, गोलबाजार से 10, मौदहापारा से 14 और गंज थाना क्षेत्र से 24 वारंटियों की गिरफ्तारी की गई। इस तरह कुल 181 वारंटों की तामिली सुनिश्चित की गई। लंबे समय से चल रहे थे फरार पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पकड़े गए वारंटियों में कई ऐसे आरोपी भी हैं, जो वर्षों से न्यायालय में पेश नहीं हो रहे थे और कानून से बचते फिर रहे थे। सभी आरोपियों को न्यायालय के आदेशानुसार आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए प्रस्तुत किया जा रहा है।


