रायपुर में कलेक्टर का औचक निरीक्षण:बंद मिले उप स्वास्थ्य केंद्र और आंगनबाड़ी, डॉक्टर-स्टाफ का वेतन कटा, नोटिस जारी

रायपुर में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने सरोना क्षेत्र के दौरे के दौरान उप स्वास्थ्य केंद्र और बाजार चौक स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। दोनों केंद्र बंद मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर व स्टाफ नर्स का एक दिन का वेतन काटा गया, जबकि आंगनबाड़ी से जुड़े कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
सरोना स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र बंद पाए जाने पर कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश चौधरी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद चिकित्सा अधिकारी और स्टाफ नर्स को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया गया। निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त विश्वदीप, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, डीसीपी ट्रैफिक विकास कुमार और एसडीएम नंदकुमार चौबे सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
आंगनबाड़ी केंद्र भी मिला बंद
इसके बाद कलेक्टर ने बाजार चौक, सरोना स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया, जहां केंद्र बंद मिला। उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए और मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने स्वयं गैस जलाकर और बर्तनों का निरीक्षण कर स्थिति की जानकारी ली।
सीडीपीओ से सहायिका तक को नोटिस
कलेक्टर के निर्देश पर जिला कार्यक्रम अधिकारी सुश्री शैल ठाकुर ने सीडीपीओ अनुपमा तिवारी, सुपरवाइजर गार्गी शर्मा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कुंती सोनकर और सहायिका रेवती साहू को कारण बताओ नोटिस जारी किया। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि केंद्रों का नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा लापरवाही पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *