रायपुर में कलेक्शन एजेंट से 75 लाख बरामद:देर रात नाकेबंदी में पुलिस ने दबोचा, हवाला सिंडिकेट से जुड़े होने की आशंका; आईटी टीम पूछताछ में जुटी

राजधानी रायपुर में देर रात नाकेबंदी के दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक के पास से 75 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। मामला हवाला सिंडिकेट से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है। आयकर विभाग की टीम पूरे प्रकरण की जांच में जुट गई है। आरोपी युवक का नाम पुलिस द्वारा आजाद चौक निवासी मिलन शर्मा बताया जा रहा है। आरोपी से आयक विभाग की टीम पूछताछ कर रही है। अब पढ़े क्या है पूरा मामला पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट और थाना आजाद चौक पुलिस की टीम ने 27 फरवरी 2026 को समता कॉलोनी क्षेत्र में नाकाबंदी करके संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की जांच शुरू की थी। इसी दौरान एक्टिवा क्रमांक CG 04 NJ 8956 को रोका गया। वाहन में रखे एक बड़े थैले की तलाशी लेने पर भारी मात्रा में नकदी मिली। पूछताछ में युवक ने अपना नाम मिलन शर्मा (25) पिता राधेश्याम शर्मा, निवासी समता कॉलोनी, थाना आजाद चौक, रायपुर बताया। वह समता कॉलोनी में रहकर पैसा ट्रांसफर का काम करता है। पुलिस ने जब बरामद रकम के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और टीम को गुमराह करता रहा। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 75 लाख रुपए नकद, 4 मोबाइल फोन और एक्टिवा वाहन जब्त कर लिया। पैसा ट्रांसफर करने से पहले हिरासत में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा ने बताया, कि आरोपी मूलता राजस्थान का है। बीते पांच साल से रायपुर में रह रहा है। कलेक्शन एजेंट का काम करता है। शुक्रवार की रात भी रायपुर के अलग–अलग ठिकाने से पैसा कलेक्ट करके पहुंचा था और नाकाबंदी में पकड़ा गया। आरोपी के मोबाइल को खंगालकर हवाला नेटवर्क के खिलाफ जांच की जा रही है। आयकर विभाग को सूचना देकर आरोपी को हेंडओवर कर रहे है। रायपुर में पूर्व में पकड़ाया जा चुका हवाला का पैसा अब पढ़िए रायपुर में कैसे चल रहा हवाला का खेल ? रायपुर में भास्कर टीम ने हवाला सिंडिकेट को लेकर पड़ताल की थी। भास्कर टीम की पड़ताल के दौरान पता चला था, कि शहर में हर दिन 30 करोड़ का हवाला कारोबार हो रहा है। रायपुर से मुंबई-झारखंड पैसे भेजने की डिमांड ज्यादा है। 1 लाख रुपए (एक पेटी) भेजने पर 1500 से 2000 रुपए कमीशन फिक्स है। हवाला का कारोबार रायपुर से विदेशों तक हो रहा है। हवाला कारोबार से जुड़े लोग दुबई, श्रीलंका और नेपाल में भी पैसे ट्रांसफर करने का दावा कर रहे हैं।
रायपुर से दिल्ली-मुंबई और झारखंड में ज्यादा हवाला रायपुर से सबसे ज्यादा हवाला मुंबई, दिल्ली, गुजरात और झारखंड में किया जा रहा है। झारखंड में हवाला करने पर लाख रुपए में 300 से 700 रुपए का खर्च आता है। वहीं मुंबई और दिल्ली में हवाला करने पर 1500-2000 रुपए खर्च हवाला कारोबारी ले रहे हैं। रायपुर में अधिकांश कारोबारी अपना कच्चे का पैसा लेन-देन करने के लिए सिंडिकेट बनाकर काम कर रहे हैं। सबसे ज्यादा हवाला एमजी रोड इलाके के कुछ कारोबारी कर रहे हैं। ED की जांच में हो चुकी हवाला की पुष्टि ED के अफसरों ने जांच के बाद अपनी चार्जशीट में महादेव बुक का पैसा अफसरों तक पहुंचने में हवाला होने की पुष्टि की है। पुलिस के हत्थे चढ़े पुलिसकर्मियों ने इस बात को कबूला है, कि रायपुर और दुर्ग के हवाला कारोबारियों के माध्यम से विदेशों से पैसा आता था। ये पैसा अफसरों और राजनेताओं तक पहुंचता था। इस पैसों को इधर से उधर पहुंचाने में कई कुरियर बॉय काम करते थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *