छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर शनिवार को बड़ा विमान हादसा टल गया। लैंडिंग के दौरान एक यात्री विमान रनवे पर अचानक उछल गया, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हालांकि पायलट की सूझबूझ और अनुभव के कारण विमान को सुरक्षित रफ लैंडिंग कराकर बड़ा हादसा टाल दिया गया। घटना के बाद भोपाल जाने वाली एक फ्लाइट को लेट किया गया है। हालांकि एयरपोर्ट प्रबंधन के अधिकारी घटना से अंजान बन रहे है। अब पढ़े क्या है पूरा मामला भोपाल से रायपुर इंडिगो की फ्लाइट क्रमांक 6E 7302 शनिवार दोपहर 1:15 बजे रायपुर के लिए रवाना होना था। फ्लाइट का रायपुर पहुंचने का टाइम दोपहर 2.40 था। फ्लाइट भोपाल से दोपहर 1:29 बजे रवाना हुई। फ्लाइट रायपुर समय पर पहुंची, लेकिन फ्लाइट ने रनवे को जैसे ही टच किए, जर्क के बाद दोबारा उठ गई। फ्लाइट में बैठे यात्रियों को झटका लगने से वो दहशत में आ गए। पायलट ने फ्लाइट को सेकेंड टाइम में रफ लैंड कराया, उसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। इस पूरी प्रक्रिया में 2.40 बजे लैंड होने वाली फ्लाइट 3:18 बजे लैंड हुई। इस घटना के बाद रायपुर से भोपाल जाने वाली इंडिगो फ्लाइट को लेट किया गया। दोपहर 3.15 बजे जाने वाली फ्लाइट शाम चार बजे रवाना हुई। पूर्व मे भी हो चुकी इस तरह की घटना रायपुर में फ्लाइट रफ लैंडिंग का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी सितंबर 2024 में और जनवरी 2020 में रफ लैंडिंग हुई थी। इन घटनाओं के बाद भी एयरपोर्ट प्रबंधन के अधिकारियों ने घटना को नकार दिया था।


