रायपुर के मुजगहन थानाक्षेत्र में मीटर लगाने के प्रोसेसिंग शुल्क के नाम पर धोखाधड़ी का एक मामला सामने आया है। आरोपियों ने आवेदनकर्ता से 1,56,200 रुपए ट्रांसफर करवाए और फोन बंद कर लिया। पीड़ित की शिकायत पर मुजगहन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पीड़ित का नाम पुलिस द्वारा रोशन देवरात्रे बताया जा रहा है। अब पढ़े क्या है पूरा मामला शिकायतकर्ता रोशन देवरात्रे ने पुलिस को बताया, कि उसने मीटर लगाने के लिए बिजली ऑफिस में आवेदन किया था। बीते दिनों उसके मोबाइल पर नंबर 7643020953 से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को विद्युत विभाग का कर्मचारी बताया और दावा किया कि रोशन के नाम पर मीटर लगाने का आवेदन आया है। इसके बाद आरोपी ने प्रोसेसिंग शुल्क जमा कराने के लिए मोबाइल पर एक ऐप डाउनलोड करने को कहा। पीड़ित ने ऐप डाउनलोड करके पैसे ट्रांसफर कर दिए। मीटर प्रोसेसिंग का फॉलोअप लेने के लिए पीड़ित ने आरोपी के नंबर पर फोन लगाया, तो उसका नंबर बंद बताया। पीड़ित ने बिजली कार्यालय आकर पूछताछ की तो उसका पैसा जमा नहीं होने की जानकारी मिली। पीड़ित ने शिकायत मुजगहन पुलिस को की है। पुलिस अधिकारियों ने मामले में जांच शुरु कर दी है। अब पढ़े पुलिस अधिकारियों ने क्या कहा मुजगहन निरीक्षक सिद्वेश्वर प्रताप सिंह ने बताया, कि पीड़ित की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ जांच की जा रही है।


