छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 22 फरवरी को विधवा, विधुर और वैध तलाकशुदा महिला-पुरुषों के लिए विशेष परिचय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन पुरानी बस्ती स्थित महामाया मंदिर सत्संग भवन में होगा। सामाजिक संस्था रायपुर ब्राइट फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों से बड़ी संख्या में प्रतिभागी और उनके परिजन शामिल होंगे। सम्मेलन का उद्देश्य पुनर्विवाह के इच्छुक लोगों को एक सम्मानजनक मंच प्रदान करना है, जहां वे अपना परिचय देकर नए जीवन की शुरुआत की दिशा में कदम बढ़ा सकें। संस्था के प्रदेश प्रवक्ता चेतन चंदेल ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। कार्यक्रम के पहले बुढ़ापारा स्थित प्रदेश कार्यालय में अहम बैठक आयोजित कर आयोजन को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में पंजीयन, भोजन, प्रवेश व्यवस्था, संचालन और काउंसलिंग की जिम्मेदारियां अलग-अलग पदाधिकारियों को सौंपी गईं। साथ ही प्रचार-प्रसार के लिए पाम्पलेट का विमोचन भी किया गया, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक जानकारी पहुंच सके।
महिलाओं का पंजीयन निशुल्क आयोजकों के अनुसार यह सम्मेलन आठवें वर्ष आयोजित किया जा रहा है और इस बार महिलाओं का पंजीयन नि:शुल्क रखा गया है। कार्यक्रम के दिन सुबह 9 बजे से विशेष काउंटर पर पंजीयन की व्यवस्था रहेगी। बिना पंजीयन किसी भी प्रतिभागी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। संस्था का कहना है कि समाज में पुनर्विवाह को सकारात्मक दिशा देने और अकेले जीवन जी रहे लोगों को नया सहारा देने के उद्देश्य से यह पहल लगातार की जा रही है। बैठक में फाउंडेशन के अध्यक्ष प्रदीप गोविंद शितूत, कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. मनोज ठाकुर सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर प्रयास करने का संकल्प लिया। आयोजकों ने उम्मीद जताई है कि सम्मेलन के दिन बड़ी संख्या में रिश्ते तय होंगे और कई परिवारों को नई खुशियां मिलेंगी। संस्था का मानना है कि यह आयोजन सामाजिक सोच में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।


