रायपुर नगर निगम में नवनिर्वाचित मेयर मीनल चौबे ने सोमवार को पदभार ग्रहण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। मेयर जब निगम कार्यालय पंहुचीं, उस दौरान ढोल-नगाड़ों, पटाखों के साथ मेयर का स्वागत किया गया। मीनल ने सबसे पहले गणपति की पूजा-अर्चना की। मीनल चौबे जब महापौर की चेयर पर बैठी उस दौरान शंखनाद के साथ समर्थकों ने जमकर जय श्री राम के नारे लगाए। पदभार ग्रहण के बाद मीनल चौबे ने कहा कि जीरो परसेंट भ्रष्टाचार के साथ नगर निगम काम करेगा। और पूर्व में जो भ्रष्टाचार हुए हैं वो सभी फाइल खुलवाई जाएगी। विधि-विधान से हुआ पदभार ग्रहण मीनल चौबे ने कहा कि सभी को बेसब्री से इंतजार था कि रायपुर नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी का महापौर बैठे। आज शहर की जनता का इंतजार खत्म हुआ। हम सनातन धर्म को मानते हैं। और सनातन धर्म के नियमों और विधि- विधान से मैने पदभार ग्रहण किया है । मैं उम्मीद करती हूं कि ईश्वर की कृपा पूरे रायपुर पर रहेगी और सभी के सहयोग, मार्गदर्शन और विश्वास से रायपुर नगर निगम शहर की जनता के लिए अच्छा काम करेगा। रायपुर की जनता को उनका अधिकार मिलेगा। तीन कामों पर हमारी प्राथमिकता मीनल ने कहा कि रायपुर शहर के संपूर्ण विकास करना भारतीय जनता पार्टी का लक्ष्य है। नगर निगम का जो मूल दायित्व होता है, जो मूल काम होता है उसे किया जाएगा। शहर की जनता जिन 3 चीजों के लिए टैक्स देती है। बिजली, स्वच्छ पेयजल और साफ सफाई यह तीनों काम करना हमारी प्राथमिकता में रहेगा। शंखनाद के साथ निगम में खिला कमल महापौर मीनल ने कहा कि हमारे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी ने कहा था कि अंधेरा छंटेगा सूरज निकलेगा और कमल खिलेगा। आज शंखनाद के साथ कमल का फूल नगर निगम महापौर कक्ष में खिला है। जनता हमारे साथ है। जनता उत्साहित है। मैं संगठन के सभी नेताओं और रायपुर शहर की जनता सारे कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करती हूं कि सभी की मेहनत से आज रायपुर नगर निगम में कमल का फूल खिला है और भारी बहुमत से शहर में भाजपा की सरकार जीतकर आई है। निगम के इतिहास में 60 पार्षद जीत कर आए हैं। मैं सभी को बधाई और धन्यवाद देती हूं।


