रायसेन में उल्लास के साथ मनी होली:जुलूस में दिखी ‘पुष्पा’ की झलक; खुले रथ से राधा-कृष्ण ने उड़ाया गुलाल

रायसेन जिले में बुधवार को होली का त्योहार बड़े ही धूमधाम और उल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय पर पाटनदेव हनुमान मंदिर से श्री हिंदू उत्सव समिति के तत्वावधान में होली का मुख्य जुलूस निकाला गया। पूरे शहर में हुरियारों ने जमकर रंग-गुलाल उड़ाया, जिससे शहर की सड़कें रंगों से सराबोर नजर आईं। इस वर्ष होली के मुख्य जुलूस में भगवान शंकर और माता पार्वती की बड़ी प्रतिमाएं आकर्षण का केंद्र रहीं। इसके साथ ही जुलूस में मशहूर फिल्म ‘पुष्पा’ की झलक भी देखने को मिली। एक खुले रथ पर राधा-कृष्ण की वेशभूषा धारण किए कलाकारों ने जमकर होली खेली और जुलूस में शामिल लोगों पर गुलाल उड़ाते हुए रासलीला का मनमोहक प्रदर्शन किया। इसके अलावा कई अन्य कलाकार भी विभिन्न रूपों में जुलूस में शामिल हुए। प्रमुख मार्गों से गुजरा जुलूस, दी शुभकामनाएं पाटनदेव हनुमान मंदिर से शुरू हुआ यह जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों जैसे सागर मार्ग, महामाया चौक, भारत माता चौराहा और तिपट्टा बाजार से होकर गुजरा। इस दौरान श्री हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष रवि खत्री और अन्य नागरिकों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली पर्व की शुभकामनाएं दीं। चप्पे-चप्पे पर मुस्तैद रही पुलिस, कॉलोनियों में भी दिखा उत्साह त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन, पुलिसकर्मी और नगर सुरक्षा समिति के सदस्य पूरे जुलूस के दौरान मुस्तैद रहे। शहर की कॉलोनियों में भी होली का भारी उत्साह देखा गया। मुखर्जी नगर स्थित संस्कार विहार कॉलोनी में बड़ी संख्या में महिलाओं ने एकत्रित होकर होली के गीतों पर नृत्य किया और मंदिर परिसर में एक-दूसरे को गुलाल लगाकर जमकर होली खेली।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *