रायसेन में मतदाता सूची में नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के कार्य में लापरवाही बरतने पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद दुबे ने 6 बीएलओ को निलंबित कर दिया है। साथ ही एक बीएलओ को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। दरअसल, भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 18 साल पूरे कर चुके युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने का निर्देश मिला था। जिस काम में पांच बीएलओ ने लापरवाही बरती है। इन बीएलओ को किया गया निलंबित कलेक्टर दुबे ने जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 141-भोजपुर के बीएलओ भानसिंह, अखिलेश धावरी, संदीप नागर, शिवदयाल कुशवाह, मनमोहन सिंह धुर्वे और मनोज सेन को नवीन मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के कार्य में लापरवाही बरतने पर निलंबित किया गया है। साथ ही मतीनउल्ला खान नगरपालिका मंडीदीप मतदान केन्द्र क्रमांक 81-सिमराई को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी दुबे ने जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्वाचक नामावली में नवीन मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए लक्ष्य की पूर्ति किए जाने के भी निर्देशित किया है।


