रायसेन में रामलीला महोत्सव का आज (गुरुवार) अंतिम था। कल (शुक्रवार) को भगवान श्री राम के हाथों लंकापति रावण का वध किया जाएगा। इस अवसर पर रामलीला मैदान में 35 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। रामलीला के आखिरी दिन बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। प्राचीन परंपरा के अनुसार, रावण दहन के दौरान वार्ड 2 बावड़ीपुरा हनुमान मंदिर से एक विशाल शोभा यात्रा निकाली जाएगी। शुक्रवार शाम 5 बजे ‘जय महावीर तेरी जय रघुवीर समिति’ के तत्वावधान में यह यात्रा शुरू होगी। इस बार 30 वर्षीय मिथिलेश यादव 40 किलो वजनी वीर हनुमान का मुखौटा धारण करेंगे। यह शोभा यात्रा मालीपुर, दुपट्टा बाजार, सांची रोड, इंडियन चौराहा, मुख्य बाजार, सागर तिराहे और गंज बाजार होते हुए रामलीला मैदान पहुंचेगी। राम और रावण की सेना के बीच होने वाले संग्राम को देखने के लिए लोगों में भारी उत्साह है। इससे पहले गुरुवार को रामलीला मैदान में स्थानीय कलाकारों द्वारा नरान्तक वध की लीला का मंचन किया गया। इस दौरान दधीबल और नरान्तक के बीच घमासान युद्ध हुआ, जिसमें नारानंतक मारा गया। मेला समिति के कार्यकारी अध्यक्ष बृजेश चतुर्वेदी ने बताया कि रामलीला महोत्सव के समापन समारोह के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष, पूर्व कैबिनेट मंत्री और वर्तमान सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी होंगे। उनके साथ जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा, नगर पालिका अध्यक्ष सविता सेन और भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। देखिए तस्वीरें…


