रायसेन में दो घोड़ों ने बाइक सवार को रौंदा:पैर और हाथ की हड्डियां टूटी सागर रेफर, मालिक फरार

रायसेन जिले के बेगमगंज में मंगलवार रात एक सड़क हादसा हो गया, जिसमें बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा तब हुआ, जब तेज रफ्तार में दौड़ते दो घोड़े बाइक से टकरा गए। यह घटना सुल्तानगंज रोड पर बीडी कॉलोनी के पास हुई। मुबीन खां, जो बिजली घर के पीछे के रहने वाले हैं, अगरबत्तियां सप्लाई कर बाइक से बेगमगंज लौट रहे थे। इसी दौरान ऋतिक शिल्पकार अपने दो घोड़ों को सड़क पर दौड़ाते हुए लेकर आया और उनकी बाइक से सीधी टक्कर हो गई। हाथ और पैर की हड्डियां टूटी
टक्कर इतनी तेज थी कि मुबीन खां बाइक से गिर पड़े और उन्हें गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल बेगमगंज पहुंचाया गया। यहां डॉक्टर अमन सेन ने प्राथमिक इलाज किया। जांच में सामने आया कि मुबीन खां के हाथ और पैर की हड्डियां कई जगह से टूट गई हैं। घायल की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सागर रेफर कर दिया। घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घोड़ा मालिक की तलाश की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *