रायसेन में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी:नाबालिग ड्राइव कर रहा था; बुजुर्ग महिला की मौत, 10 बच्चों सहित 27 घायल

रायसेन जिले में मंगलवार देर शाम श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि 10 बच्चों सहित कुल 27 लोग घायल हुए हैं। घायलों में कई के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। घटना गैरतगंज की गणेश घाटी पर भोपाल-सागर मुख्य मार्ग पर गढ़ी-मुदियाखेड़ा के बीच शाम करीब 7 बजे हुई। ग्राम भिलाड़िया के 27 श्रद्धालु पठरिया धाम से धार्मिक अनुष्ठान पूरा कर लौट रहे थे, तभी अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर एक नाबालिग चला रहा था। हालांकि इस बात की पुष्टि नहीं हो सकी। 60 वर्षीय महिला की मौत
हादसे में 60 वर्षीय आयुद्धि बाई की मौत हो गई। घायलों में महिलाओं और बच्चों की संख्या अधिक है। एक दर्जन से अधिक गंभीर रूप से घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रायसेन रेफर किया गया। घटना के बाद श्रद्धालु ट्रैक्टर और ट्रॉली के नीचे दब गए थे। पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर को हटाकर दबे हुए श्रद्धालुओं को बाहर निकाला। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने जान जोखिम में डालकर घायलों की मदद की। कलेक्टर ने घायलों का हाल जाना
सूचना मिलने पर कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और तुरंत इलाज के निर्देश दिए।
गंभीर रूप से घायल हुए लोगों में 7 वर्षीय वंश, 8 वर्षीय प्रज्ञा, 45 वर्षीय अजुद्दी बाई, 40 वर्षीय जमना बाई, 35 वर्षीय विमला बाई और 13 वर्षीय अंजली धुर्वे शामिल हैं। अन्य घायलों में कार्तिक, विपिन, दिव्यांशी, देव, कला बाई, काव्या, मोनिका, हरिराम, देवा बाई, अमित, अजय, अरुण, पप्पी बाई, अंजू, संध्या, पूजा, राम बाई, छवि और कृष्णा शामिल हैं।
ये सभी श्रद्धालु गरीब मजदूर तबके के आदिवासी परिवारों से थे, जो एक धार्मिक आयोजन के बाद अपने घर लौट रहे थे। पुलिस और राजस्व अमले के साथ एसडीएम अंकित जैन और तहसीलदार नरेशसिंह राजपूत सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने राहत और इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *