होली पर्व के मद्देनज़र रायसेन जिला में पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सुबह 9 बजे से होली के आयोजन और जुलूस शुरू होते ही जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत 300 से ज्यादा पुलिस जवानों को तैनात किया गया है। संवेदनशील इलाकों और जुलूस मार्गों पर ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है। हुड़दंग और अव्यवस्था रोकने के लिए प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे भी सक्रिय हैं। वरिष्ठ अधिकारी खुद संभाल रहे मोर्चा पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे स्वयं जुलूस मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। महामाया चौक, इंडियन चौराहा और सागर तिराहा सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त कर रहे हैं। एसपी आशुतोष गुप्ता ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे होली का त्योहार आपसी सौहार्द और शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।


