रायसेन जिले में माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा के तहत मंगलवार को अंग्रेजी विषय का पेपर आयोजित किया जा रहा है। जिलेभर के 82 परीक्षा केंद्रों पर कुल 19,518 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। जिला मुख्यालय स्थित शासकीय आदर्श कन्या स्कूल सहित सभी केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा जांच के बाद ही छात्रों को प्रवेश दिया गया। शासकीय आदर्श कन्या स्कूल केंद्र पर 269 परीक्षार्थी दर्ज हैं। यहां मुख्य द्वार पर ‘ईमानदारी की पेटी’ रखी गई थी, ताकि छात्र अगर कोई नकल सामग्री लाए हैं तो उसमें डाल दें। पेटी में किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री या किताब नहीं मिली। यहां सरकारी और निजी दोनों स्कूलों के परीक्षार्थी परीक्षा देने पहुंचे। एक घंटा पहले पहुंचे छात्र अंग्रेजी का पेपर होने के कारण परीक्षार्थी निर्धारित समय से एक घंटा पहले ही केंद्रों पर पहुंच गए थे। उन्होंने बाहर लगे बोर्ड पर अपने रोल नंबर का मिलान किया। सुबह 9 बजे घंटी बजने के साथ ही लाइन लगाकर चेकिंग शुरू की गई। जो छात्र बैग या अन्य सामग्री लाए थे, उन्हें गेट पर ही जमा करा लिया गया। कुछ विद्यार्थी अकेले आए थे, जबकि कुछ अपने माता-पिता के साथ पहुंचे।


