पाली में सोमवार को बड़ी संख्या में रावणा राजपूत समाज के लोग कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने जिला कलेक्टर एलएन मंत्री को ज्ञापन सौंपा। जिसमें उन्होंने मृतक कुंदनसिंह रावणा राजपूत के हत्या के मामले में जोधपुर पुलिस ने हत्या की जो वजह बताई उस पर उन्हें यकीन नहीं है। उन्होंने मामले में निष्पक्ष जांच करवा कर आरोपियों को सजा दिलाने और मृतक के परिवार को सरकारी योजनाओं के तहत आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की। जिसमें बताया कि मृतक के दो छोटे बच्चे है।
ज्ञापन सौंपते हुए उन्होंने बताया कि सोजत हाल पाली के कृष्णा नगर निवासी 40 साल का कुंदनसिंह पुत्र हरीसिंह रावणा राजपूत मुम्बई में सोने-चांदी के शॉप पर काम करता था। उनकी मां की तबीयत ज्यादा खराब होने के चलते वे 6 दिसम्बर 2024 को मुम्बई से सोजत आए थे। 7 दिसम्बर को सोजत हॉस्पिटल में थे। जो रात को सोने के लिए हॉस्पिटल से बाहर आए थे। 8 दिसम्बर को जानकारी हुई कि उनकी बॉडी जोधपुर के सालावास के पास विवेक विहार थाना क्षेत्र में पड़ी। रंजिश के चलते कुछ लोगों ने उनका अपहरण कर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया लेकिन शेष अभी भी पुलिस पकड़ से दूर है। पुलिस ने आरोपियों से मृतक का मोबाइल, पर्स आदि भी बरामद नहीं किया। ज्ञापन सौंपते समय पाबूसिंह, बहादूरसिंह राठौड़, जितेंद्रसिंह, तखतसिंह सोलंकी, अर्जुनसिंह, शैतानसिंह, चंद्रसिंह, नवीनसिंह शेखावत, लक्ष्मणसिंह, प्रकाशसिंह,उगमसिंह चौहान, केशरसिंह, खीवसिंह राठौड़, महेंद्रसिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे। यह रखी मांगे
– मृतक की पत्नी को संविदा पर सरकारी नौकरी दी जाए।
– मृतक की पत्नी के नाम सरस डेयरी बूथ आवंटित किया जाए।
– आंगनबाड़ी में नौकरी दी जाए।
– विधवा पेंशन शुरू की जाए।
– सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जाए।
– मृतक की 10 साल की बेटी और 8 साल के बेटे को छात्रवृत्ति ओर शिक्षा का खर्च सरकार वहन करें।
– मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत कुंदनसिंह के परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जाए।
– मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत कुंदनसिंह के परिवार को मेडिकल सुविधाएं दी जाए।
– मृतक कुंदनसिंह के हत्यारों को जल्द कानून सजा दिलाई जाए। पुलिस बोली – दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा
मामले में जोधपुर के विवेक विहार थाने की सब इंस्पेक्टर लक्ष्मी ने बताया कि मामले में सोजत सिटी निवासी प्रकाश सांसी ओर अशोक सांसी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में प्रकाश सांसी ने बताया कि वह टेक्सी चलाता है। 7 दिसम्बर को वह हॉस्पिटल के बाहर सो रहे कुंदनिसंह से पूछा कि कही जाना है क्या लेकिन उन्होंने शराब पीने की बात कही। इस पर दोनों शराब पीने चले गए। इस दौरान रास्ते में ब्रेक लगाने के दौरान कुंदनसिंह असंतुलित होकर गाड़ी में ही गिर गए। जिससे उनकी मौत हो गई। इसको लेकर उसने अपने साथी अशोक को कॉल लगाकर सारी बात बताई। फिर दोनों बॉडी को लेकर जोधपुर तरफ चले गए और बॉडी सालावास के पास सड़क किनारे रखकर फरार हो गए। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने यही बात बताई। पुलिस की कहानी पर यकीन नहीं
मामले में मृतक के साले पाबूसिंह का कहना है कि उन्हें पुलिस द्वारा बताई की कहानी पर यकीन नहीं है। पुलिस ने मृतक कुंदनसिंह का पर्स सहित अन्य सामान आरोपियों से बरामद नहीं किया। आरोपियों को किसी ने कूंदनसिंह को मारने के लिए भेजा ऐसा हमें शक है। इसलिए पुलिस इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करें ताकि अन्य आरोपी भी पकड़े जा सके और हत्या की असली वजह सामने आ सके।


