भास्कर न्यूज| रायगढ़ शिक्षा के क्षेत्र में रायगढ़ जिले ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा साबित की है। राष्ट्रीय सह-प्रवीण छात्रवृत्ति चयन परीक्षा 2025 के परिणामों में रायगढ़ ने प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। जिले से कुल 289 छात्र-छात्राएं चयनित हुए हैं, जो कांकेर (356 चयन) के बाद सबसे अधिक हैं। प्रदेशभर से कुल 2246 छात्रों का चयन हुआ है। इन सभी को राज्य शासन द्वारा चार वर्षों तक हर साल छात्रवृत्ति दी जाएगी। इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना है। परीक्षा में वही विद्यार्थी शामिल हो सकते थे, जिनके पालकों की वार्षिक आय ₹3.5 लाख से कम है। पुसल्दा गांव के 7 विद्यार्थी हुए सफल, मिलेगा लाभ धरमजयगढ़ ब्लॉक के छोटे से गांव पुसल्दा की उपलब्धि उल्लेखनीय है। यहां की शासकीय माध्यमिक शाला पुसल्दा से 7 छात्र-छात्राओं का चयन हुआ है। चयनित विद्यार्थियों में युतिका बाई, सुनायना, शंकर दास, शशिका, सभ्यता, साधना महंत और विवेक महंत शामिल हैं। यह उपलब्धि गांव और विद्यालय दोनों के लिए गर्व की बात है। यहां के शिक्षकों ने बच्चों को परीक्षा की तैयारी में मार्गदर्शन और उत्साह दिया। शिक्षकों ने इस सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि यह न केवल जिले के लिए, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा है। ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चे भी मेहनत और लगन से उत्कृष्टता हासिल कर सकते हैं।