राष्ट्रीय पर्यटन दिवस पर जिले में महासफाई अभियान पर्यटन स्थलों और सार्वजनिक स्थानों की हुई सफाई

गढ़वा | राष्ट्रीय पर्यटन दिवस 2026 के मौके पर रविवार को जिले के सभी अधिसूचित पर्यटक स्थलों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर महा सफाई अभियान चलाया गया। इस अभियान का आयोजन जिला प्रशासन, गढ़वा और जिला पर्यटन कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। नगर परिषद गढ़वा और नगर पंचायत नगर उंटारी के सहयोग से यह अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। महा सफाई अभियान के तहत जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर विशेष रूप से साफ-सफाई की गई। इनमें पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण श्री बंशीधर राधिका मंदिर (श्रेणी ए), मां गढ़ देवी मंदिर (श्रेणी बी), राजा पहाड़ी शिव मंदिर (श्रेणी सी), रामलला मंदिर (श्रेणी डी) और गोसायबाग मैदान (श्रेणी डी) शामिल हैं। इन स्थलों पर जमी गंदगी हटाई गई, कचरे का निस्तारण किया गया और परिसर को स्वच्छ व आकर्षक बनाया गया। साथ ही जिले के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर भी सफाई अभियान चलाया गया। विशेष रूप से अंतरराज्यीय बस स्टैंड, गढ़वा सहित अन्य चिन्हित स्थानों पर साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया गया। अभियान के दौरान सफाई कर्मियों ने पूरे उत्साह के साथ कार्य करते हुए पर्यटक एवं आमजन के लिए स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने का प्रयास किया। मौके पर नगर परिषद गढ़वा व नगर पंचायत नगर उंटारी के संबंधित पदाधिकारी, कार्यालय कर्मी व सफाई कर्मी शामिल थे। सभी ने मिलकर स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाई। अधिकारियों ने आमजनों से अपील की कि वे पर्यटक स्थलों और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें और गंदगी न फैलाएं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण न केवल पर्यटन को बढ़ावा देता है, बल्कि जिले की सकारात्मक छवि भी प्रस्तुत करता है। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और पर्यटन स्थलों को संरक्षित रखने का संदेश दिया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *